चीन में मूंग का आयात कुछ बढ़ा मगर मटर के आयात में कमी
09-Apr-2025 03:02 PM
बीजिंग। चीन में दलहनों के संवर्ग में मुख्यतः मूंग एवं मटर का ज्यादा आयात होता है। मूंग का आयात म्यांमार इथोपिया एवं उज्बेकिस्तान से तथा मटर का आयात कनाडा, रूस एवं अमरीका से किया जाता है।
कस्टम विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार चीन में मूंग का आयात जनवरी के 33,387 टन से घटकर फरवरी में 19,231 टन पर सिमट गया। इसके तहत म्यांमार से 6242 टन, इथोपिया से 4848 टन तथा उज्बेकिस्तान से 4530 टन मूंग का आयात हुआ। वहां ऑस्ट्रेलिया से भी मूंग का आयात होता है।
लेकिन जनवरी-फरवरी 2025 के दो महीनों में चीन में मूंग का कुल आयात सुधरकर 52,618 टन पर पहुंच गया जो जनवरी-फरवरी 2024 के सकल आयात 48,519 टन से अधिक था।
जहां तक मटर का सवाल है तो इसका आयात चालू वर्ष के शुरूआती दो महीनों में घटकर 2,23,149 टन पर अटक गया जो पिछले साल के आरंभिक दो महीनों के आयात 2,92,430 टन से काफी कम रहा।
वैसे इसका आयात जनवरी के 88,765 टन से बढ़कर फरवरी 2025 में 1,34,384 टन पर पहुंचा। फरवरी माह के दौरान चीन में कनाडा से 69,990 टन रूस से 43,707 टन तथा अमरीका से 8643 टन मटर मंगाई गई।
चीन अभी तक कनाडाई मटर का एक अग्रणी खरीदार देश बना हुआ था लेकिन अब वहां कनाडा से इसका आयात ठप्प पड़ने की आशंका है क्योंकि उसने इस पर 100 प्रतिशत का भारी-भरकम सीमा शुल्क लगा दिया है जो बदले की कार्रवाई का परिणाम है।
कनाडा ने चीन के कुछ उत्पादों पर आयात शुल्क बढ़ा दिया था और इसके जवाब में चीन ने भी कनाडा के कैनोला एवं मटर पर आयात शुल्क बढ़ाने की घोषणा कर दी।
चीन में अब अमरीका से भी मटर का आयात बंद हो सकता है। अमरीकी प्रशासन ने चाइनीज उत्पादों के आयात पर भारी-भरकम सीमा शुल्क लगा दिया है
और बदले में चीन ने भी अमरीकी उत्पादों पर आयात शुल्क में वृद्धि कर दी है। इस घटनाक्रम से रूस को चीन में अपनी मटर का निर्यात बढ़ाने का शानदार अवसर हासिल हो सकता है।
