चीन द्वारा अमरीका के अनेक कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क लगाने की संभावना

05-Mar-2025 03:58 PM

बीजिंग। चीन के सामानों पर अमरीका में 4 मार्च से नया सीमा शुल्क प्रभावी होने के बाद अब चीन भी बदले की कार्रवाई करते हुए कुछ खास-खास अमरीकी वस्तुओं पर 10-15 प्रतिशत की दर से आयात शुल्क लगाने का निर्णय ले रहा है।

यह नया आयात शुल्क 10 मार्च से लागू हो जाएगा। चीन के वित्त मंत्रालय ने कहा है कि अमरीका में विभिन्न कृषि एवं खाद्य उत्पादों पर यह नया शुल्क लगाया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि अमरीका में पहले चाइनीज उत्पादों पर 10 प्रतिशत का आयात शुल्क लगाया गया था जिसे अब दोगुना बढ़ाकर 20 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।

चीन के वित्त मंत्रालय ने एक बयान जारी करके कहा है कि अमरीकी निर्णय के सापेक्ष अब चीन में अमरीका से आयातित गेहूं, मक्का, रूई एवं चिकन पर 15 प्रतिशत का अतिरिक्त सीमा शुल्क लगाया जाएगा।

इसके अलावा अमरीकी सोयाबीन, ज्वार, फलों, सब्जियों तथा डेयरी उत्पादों सहित कुछ अन्य वस्तुओं पर आयात शुल्क में 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की जाएगी। यह नया आयात शुल्क 10 मार्च 2025 से प्रभावी हो जाएगा। 

इतना ही नहीं बल्कि चीन की सरकार ने अपनी गैर विश्वसनीय फर्मों की सूची में अमरीका की 10 अन्य कंपनियों को भी शामिल कर लिया जिसे चीन के साथ आयात- निर्यात से संबंधित गतिविधियों में शामिल होने से वंचित कर दिया जाएगा और  चीन में नया निवेश भी नहीं करने दिया जाएगा।

इस संबंध में इतनी कठोर शर्तें लागू की गई हैं कि अमरीकी प्रशासन उससे तिलमिला सकता है। इन 10 कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के चीन में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और उसके वर्क परमिट को निरस्त कर दिया गया है।

वाणिज्य मंत्रालय ने कहा है कि इन कंपनियों के अधिकारियों विजिटर और आवासीय परमिशन भी खत्म कर दिया गया है। 

इसके अलावा चीन ने अमरीका की 15 अन्य कंपनियों को अपनी निर्यात नियंत्रण सूची में सम्मिलित किया है जिसमें एयरोस्पेस तथा रक्षा क्षेत्र से जुड़ी फर्में भी शामिल हैं।

चीन की संसद का वार्षिक सत्र आज से शुरू हो गया है जिसमें 5000 से अधिक प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। इसमें अमरीकी नीति के खिलाफ उचित कदम उठाने के बारे में निर्णय लिया जा सकता है।