चावल के आयात पर रोक लगने से फिलीपींस सरकार के राजस्व में कमी

22-Dec-2025 09:01 PM

मनीला। दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थित देश- फिलीपींस के सरकारी राजस्व में कमी आ गई है क्योंकि वहां दिसम्बर 2025 से ही चावल के आयात पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

उल्लेखनीय है कि फिलीपींस दुनिया के अग्रणी चावल उत्पादक देशों में से एक है और वहां इस पर लगे आयात शुल्क से सरकार को भारी राजस्व प्राप्त होता है लेकिन यह राजस्व पिछले कुछ महीनों से नहीं मिल रहा है।

फिलीपींस के वित्त मंत्री का कहना है कि सरकार ने पूरे साल के लिए राजस्व का जो लक्ष्य नियत किया है उसके मुकाबले वास्तविक उपार्जन काफी पीछे चल रहा है।

चावल के आयात पर चार महीनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है जिसकी मियाद 31 दिसम्बर को पूरी होने वाली है। इससे राजस्व का एक भाग नहीं मिल रहा है।

इसके अलावा चक्रवाती समुद्री तूफानों तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण कई दिनों तक देश से विभिन्न उत्पादों का निर्यात ठप्प रहा और विदेशों से आयात भी नहीं हो सका। 

कस्टम ब्यूरो के आयुक्त ने कहा है कि सिर्फ चावल के आयात पर लगी रोक के कारण सरकारी राजस्व में करीब 12 अरब पेसो (स्थानीय मुद्रा) की गिरावट आने की संभवना है।

प्रत्येक माह इससे 3-4 अरब पेसो का राजस्व प्राप्त होता था जो अब ठप्प हो गया है। लेकिन आगामी समय में राजस्व कुछ सुधरने की उम्मीद है क्योंकि अमरीकी डॉलर की तुलना में पेसो की विनिमय दर लुढ़ककर सबसे निचले स्तर पर आ गई है जिससे देश से निर्यात बढ़ने की उम्मीद है।

फिलीपींस से नारियल तेल का भारी निर्यात होता है जबकि वहां चावल एवं गेहूं सहित अन्य उत्पादों का विशाल आयात किया जाता है।