Home News
12-Oct-2026 12:01 PM
नई दिल्ली। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने भारत, बांग्ला देश और जापान में पिछला बकाया स्टॉक ऊंचा होने की संभावना को देखते हुए चावल की कुल वैश्विक उपलब्धता का अनुमान सितम्बर की तुलना में 7 लाख टन बढ़कर अब 73.73 करोड़ टन पर नियत किया है। दूसरी ओर 2025-26 के मुकाबले 2026-27 सीजन के दौरान फिलीपींस, पाकिस्तान एवं रूस जैसे देशों में चावल उत्पादन घटने की संभावना व्यक्त की गई है।
उस्डा ने सितम्बर की रिपोर्ट में 2026-27 सीजन के अंत में 19.70 करोड़ टन चावल का बकाया अधिशेष स्टॉक मौजूद रहने का अनुमान लगाया था जिसे अब 15 लाख टन बढ़ाकर 19.85 करोड़ टन निर्धारित किया है। भारत और जापान में बकाया स्टॉक ऊंचा रहने की उम्मीद है जबकि फिलीपींस चीन तथा इंडोनेशिया में चावल का स्टॉक घटने की संभावना है।
उस्डा ने चावल की वैश्विक खपत का अनुमान 8 लाख टन घटाकर 53.88 करोड़ टन निर्धारित किया है। एशिया तथा अफ्रीका के अनेक देशों में चावल का उपयोग घट सकता है। चावल के वैश्विक व्यापार अनुमान भी 13 लाख टन घटाकर 6.14 करोड़ टन निर्धारित किया गया है। इसके तहत भारत और अमरीका से चावल का निर्यात घटने की संभावना है।