Home News

उत्तर पूर्व मानसून से दक्षिण भारत में जोरदार बारिश होने का अनुमान

13-Oct-2026 01:05 PM

उत्तर पूर्व मानसून से दक्षिण भारत में जोरदार बारिश होने का अनुमान

तिरुअनन्तपुरम। हालांकि उत्तर-पूर्व मानसून के आगमन की तिथि 1 अक्टूबर निर्धारित है लेकिन दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रस्थान करने में देरी होने से इसमें विलम्ब हो जाता है। मौसम विभाग के अनुसार 15 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रस्थान कर जाने की संभावना है और उसके तुरंत बाद उत्तर पूर्व मानसून की सक्रियता बढ़ेगी। इसके फलस्वरूप अगले चार-पांच दिनों के दौरान दक्षिणी प्रायद्वीप के अधिकांश भागों में भारी वर्षा होने की उम्मीद है। 

जिन क्षेत्रों में जोरदार बारिश होने का अनुमान लगाया गया है उसमें केरल, तटीय तथा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पांडिचेरी एवं तटीय आंध्र प्रदेश शामिल है। वहां बागानी फसलों (चाय, कॉफी, मसाला, सुपारी एवं रबड़ आदि) को काफी फायदा होगा और बांधों-जलाशयों में पानी का स्तर ऊंचा हो सकेगा। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भी मूसलाधार वर्षा होने की संभावना है। कर्नाटक में बारिश होने पर सूखे का प्रकोप कुछ घट जाएगा और तुवर की फसल को थोड़ी राहत मिल सकती है। 

दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रस्थान की लाइन अभी कोलकाता अंगुल (उड़ीसा) खम्माम (तेलंगाना एवं होनावर (कर्नाटक) से गुजर रही है। देश के शेष भागों से मानसून पहले ही प्रस्थान कर चुका है।