फिलीपींस में चावल का स्टॉक बढ़ा मगर मक्का के स्टॉक में भारी गिरावट
11-Feb-2025 03:34 PM
मनीला । संघीय सरकार द्वारा आक्रामक खरीद नीति अपनाएं जाने के कारण फिलीपींस में 1 जनवरी 2024 के मुकाबले 1 जनवरी 2025 को चावल का स्टॉक 6.4 प्रतिशत बढ़ गया लेकिन उत्पादन में गिरावट आने के कारण मक्का का स्टॉक 45 प्रतिशत घट गया।
फिलीपींस सांख्यिकी प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार 1 जनवरी 2025 को देश में चावल का कुल भंडार सुधरकर 21.60 लाख टन पर पहुंच गया जो 1 जनवरी 2025 को 20.30 लाख टन दर्ज किया गया था।
लेकिन दिसम्बर 2024 में चावल का कुल स्टॉक 25.60 लाख टन पर पहुंचा था जिसके मुकाबले जनवरी में स्टॉक 4 लाख टन या 15.7 प्रतिशत घट गया।
समीक्षाधीन अवधि के दौरान आम लोगों के घरों में तथा राष्ट्रीय खाद्य प्रधिकरण के पास चावल के स्टॉक में बढ़ोत्तरी हुई लेकिन उद्योग-व्यापार क्षेत्र के पास मौजूदा स्टॉक में गिरावट आ गई। लोगों के घरों में (हाउस होल्ड) 48.9 प्रतिशत चावल का भंडार था जो गत वर्ष से 5.4 प्रतिशत ज्यादा रहा।
हालांकि प्राधिकरण के पास केवल 13.2 प्रतिशत चावल का स्टॉक रहा लेकिन गत वर्ष की तुलना में एक करीब पांच गुना बढ़कर 2.85 लाख टन पर पहुंच गया।
राष्ट्रीय खाद्य प्राधिकरण के प्रशासक का कहना है कि आगामी समय में चावल का सरकारी स्टॉक और भी बढ़ने की उम्मीद है क्योंकि एक तो मूल्य नीति को काफी लचीला बना दिया गया है और दूसरे, धान की नई फसल की कटाई-तैयारी का सीजन भी आरंभ होने लगा है। इसके अलावा विदेशों से भारी मात्रा में चावल का आयात भी जारी है।
उल्लेखनीय है कि फिलीपींस दुनिया के सबसे प्रमुख चावल आयातक देशों की श्रेणी में शामिल रहता है। वहां मुख्यतः वियतनाम एवं थाईलैंड से विशाल मात्रा में चावल का नियमित रूप से आयात किया जाता है जबकि अब उसने भारतीय चावल के आयात में भी दिलचस्पी दिखानी शुरू कर दी है।
पिछले दिनों तेलंगाना से फिलीपींस ने एक लाख टन चावल के आयात का आरंभिक सौदा किया था जबकि आगे उसकी मांग बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।
फिलीपींस की भांति इंडोनेशिया भी भारत से चावल मंगाने का प्रयास कर रहा है क्योंकि यह सबसे सस्ते दाम पर उपलब्ध है।
