फिलीपींस और सेनेगल के लिए चावल निर्यात का रजिस्ट्रेशन शुरू
15-Jan-2026 09:40 PM
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थित फिलीपींस तथा अफ्रीकी देश सेनेगल में चावल के आयात पर लगे प्रतिबंध को वापस लिए जाने के बाद एपीडा ने वहां चावल का निरयत करने के इच्छुक भारतीय फर्मों का रजिस्ट्रेशन पुनः स्वीकार करना शुरू कर दिया है। इन दोनों देशों में मुख्यतः गैर बासमती चावल का निर्यात होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय निर्यातकों को विदेशों में चावल का निर्यात करने से पूर्व केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय-कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के पास रजिस्ट्रेशन करवाना आवश्यक होता है।
प्रतिबंध हटने के बाद एपीडा ने भी तत्काल प्रभाव से रजिस्ट्रेशन को स्वीकार करना आरंभ कर दिया ताकि निर्यातकों को कोई परेशानी न हो।
एपीडा द्वारा जारी एक सूचना में कहा गया है कि अफ्रीकी देश-सेनेगल को गैर बासमती चावल के निर्यात के लिए पंजीकरण- सह-आवंटन प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया आरंभ हो गई है।
सेनेगल की राजधानी डकार में अवस्थित भारतीय दूतावास में जब इस खबर की पुष्टि कर दी कि वहां चावल के आयात पर लगे प्रतिबंध को समाप्त कर दिया गया है तब एपिडा ने तत्काल रजिस्ट्रेशन प्रारम्भ कर दिया।
फिलीपींस में भी चावल के आयात की अनुमति प्रदान की गई है और वहां इसका शिपमेंट जल्दी शुरू होने की संभावना है।
