फरवरी में अर्जेन्टीना से सोयामील का निर्यात 33 प्रतिशत घटा
22-Apr-2026 01:36 PM
ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना से फरवरी 2026 में सोयामील का कुल निर्यात 13.30 लाख टन पर अटक गया जो जनवरी 2026 के शिपमेंट 20.10 लाख टन से 33 प्रतिशत तथा फरवरी 2025 के निर्यात 18.20 लाख टन से 27 प्रतिशत कम रहा।
जर्मनी के हैम्बर्ग नगर से प्रकाशित होने वाले तिलहन-तेल विषय के विश्व प्रसिद्ध न्यूज लेटर- ऑयल वर्ल्ड के आंकड़ों से पता चलता है कि फरवरी 2026 के दौरान अर्जेन्टीना से सोयामील का निर्यात यूरोपीय संघ में घटकर 2.70 लाख टन रह गया जो जनवरी 4.60 लाख टन एवं फरवरी 2025 में 3.40 लाख टन रहा था।
इसी तरह एशियाई देशों में इसका निर्यात फरवरी 2026 में लुढ़ककर 5.80 लाख टन पर सिमट गया जो जनवरी के शिपमेंट 10 लाख टन तथा फरवरी 2025 के निर्यात 8.40 लाख टन से काफी कम था। एशियाई देशों में इंडोनेशिया एवं तुर्की में निर्यात बढ़ा।
कुल मिलाकर अर्जेन्टीना से 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में 108.70 लाख टन सोयामील का निर्यात हुआ जबकि 2024-25 के मार्केटिंग सीजन में 117.80 लाख टन का शिपमेंट हुआ था। अर्जेन्टीना सोयामील का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है।
