गुड़ के दाम में आगे और गिरावट आने की संभावना नहीं

07-Feb-2025 05:28 PM

दिल्ली । आपूर्ति की तुलना में मांग कमजोर पड़ने से हाल ही में गुड़ के दाम में 500 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई लेकिन अब आगे निकट भविष्य में और कमी आने की संभावना नहीं है।

उत्तर प्रदेश में मौसम काफी हद तक साफ होने से गुड़ की आपूर्ति बढ़ी है जबकि मौसम ठंडा होने से इसकी मांग एवं खपत में भी वृद्धि हो रही है।

पिछले एक माह के दौरान पेड़ी गुड़ का भाव 500 रुपए घटकर अब 3700/3800 रुपए प्रति क्विंटल तथा ढैया का मूल्य गिरकर 3900/4000 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया है। दूसरी ओर गुड़ लड्डू का दाम 40 रुपए की वृद्धि के साथ 3850 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। 

उत्तर प्रदेश की हापुड़ मंडी में बकेट गुड़ का दाम 1300/1350 रुपए प्रति मन (40 किलो) से गिरकर 1200/1320 रुपए प्रति मन पर आया और मंडी में पिछले दिन करीब 10 ट्रक माल की आपूर्ति हुई।

इसी तरह मुरादनगर मंडी में पेड़ी गुड़ का भाव एक समय 4250 रुपए प्रति क्विंटल की ऊंचाई पर पहुंचा था जो बाद में लुढ़ककर 3100 रुपए प्रति क्विंटल पर आया और अब पुनः सुधरकर 3700 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया है। अब मंडी में काफी हद तक स्थिरता देखी जा रही है। 

उत्तर प्रदेश में कोल्हुओं तथा क्रशिंग इकाइयों में गन्ना का भाव 360-370 रुपए प्रति क्विंटल बताया जा रहा है जिससे गुड़ का उत्पादन खर्च बढ़ गया है। उत्तर प्रदेश की मंडियों में नए गुड़ की आवक काफी हद तक सामान्य और संतोषजनक बताई जा रही है। 

मुजफ्फरनगर की मंडी में चाकू गुड़ का भाव 1350/1500 रुपए प्रति 40 किलो से बढ़कर 1400/1580 रुपए प्रति मन पर पहुंच गया है।

इसी तरह लड्डू का दाम 1425/1550 रुपए से सुधरकर 1500/1600 रुपए प्रति 40 किलो (मन) तथा रसकट का मूल्य 1100/1170 रुपए से बढ़कर 1230/1250 रुपए प्रति मन (40 किलो) हो गया है।

वहां गुड़ में एथनॉल निर्माताओं की मांग मजबूत बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर मंडी में रोजाना औसतन 2500/3000 कट्टे गुड़ की आवक हो रही है और इसके कारोबार की स्थिति भी अच्छी है। 

उधर मुम्बई मार्केट में जोरदार मांग बरकरार रहने से गुड़ का भाव 500 रुपए बढ़कर 5200/5600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया लेकिन चांदपुर मंडी में कारोबार कमजोर होने लड्डू गुड़ का मूल्य 200 रुपए गिरकर 3650 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।