गेहूं का घरेलू उत्पादन बम्पर होने की उम्मीद

22-Dec-2025 09:09 PM

नई दिल्ली। बिजाई क्षेत्र में अच्छी वृद्धि होने के साथ-साथ मौसम की हालत भी अनुकूल रहने से चालू खरीफ सीजन के दौरान देश में गेहूं का बम्पर उत्पादन होने की उम्मीद है। इससे इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति अगले साल भी सुगम रहने के आसार हैं।

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के पास गेहूं का अच्छा खासा स्टॉक मौजूद है जबकि इसकी निकासी की गति धीमी देखी जा रही है।

खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत केन्द्रीय पूल से गेहूं बेचने का प्रयास किया गया मगर फ्लोर मिलर्स / प्रोसेसर्स का उत्साहवर्धक रिस्पांस नहीं मिलने के बाद इस योजना को स्थगित कर दिया गया। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2024-25 के रबी सीजन में 1179 लाख टन गेहूं के उत्पादन का अनुमान लगाते हुए 2025-26 सीजन के लिए 1190 लाख टन के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है

जबकि एक संस्थान का मानना है कि आगामी महीनों का मौसम संतोषजनक रहने पर रबी सीजन के इस सबसे प्रमुख खाद्यान्न का उत्पादन उछलकर 1200 लाख टन से ऊपर पहुंच सकता है जो सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर होगा। कुछ उत्साही समीक्षक तो उत्पादन बढ़कर 12.20 लाख टन तक पहुंच जाने का अनुमान लगा रहे हैं।

गेहूं की शानदार बिजाई जारी है। पंजाब-हरियाणा में बोआई समाप्त हो चुकी है और राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश तथा उत्तराखंड में बिजाई अंतिम चरण में पहुंच गई है।

मध्य प्रदेश, गुजरात एवं महाराष्ट्र में भी गेहूं की बोआई काफी आगे बढ़ चुकी हैं। लेकिन बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं अन्य राज्यों में जोरदार बिजाई अभी जारी हैं।