गेहूं का घरेलू उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद

15-Jan-2026 05:16 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने कहा है कि बिजाई क्षेत्र में हुई वृद्धि तथा फसल के लिए मौसम की अनुकूल स्थिति को देखते हुए 2025-26 के वर्तमान रबी सीजन में गेहूं का घरेलू उत्पादन 2024-25 सीजन के रिकॉर्ड स्तर 1179.40 लाख टन से भी ऊपर पहुंच जाने की उम्मीद है।

कृषि मंत्री के मुताबिक वर्तमान समय में गेहूं की फसल अच्छी हालत में है और कुल मिलाकर इसका उत्पादन पिछले सीजन से बेहतर होने के आसार हैं। 

इसी तरह भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक ने कहा है कि गेहूं का बिजाई क्षेत्र 330 लाख हेक्टेयर से ऊपर पहुंच गया है और फसल काफी मजबूत स्थिति में दिखाई पड़ रही है।

यदि अगले कुछ सप्ताहों तक हालत सामान्य एवं संतोषजनक बनी रही तो इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का सकल उत्पादन बढ़कर 1200 लाख टन पर पहुंच सकता है। इस बार गेहूं की बिजाई जल्दी शुरू हो गई थी और सही समय पर समाप्त भी हो गई। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि 2024-25 के रबी सीजन में गेहूं का कुल उत्पादन क्षेत्र 328.04 लाख हेक्टेयर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था जबकि चालू रबी सीजन में यह 6.13 लाख हेक्टेयर और भी बढ़कर 334.17 लाख हेक्टेयर के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया

इस क्षेत्रफल के 73 प्रतिशत से अधिक भाग में गेहूं की ऐसी किस्मों के बीज की बोआई हुई है जो जलवायु प्रतिरोधी क्षमता से युक्त तथा बायो फोर्टिफाइड है। ये किस्में मौसम की प्रतिकूल स्थिति को सहने में ज्यादा सक्षम है। 

गेहूं सहित अन्य रबी फसलों (धान को छोड़कर) की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है और मार्च से इसकी जोरदार कटाई-तैयारी शुरू हो जाने की संभावना है।

अगैती बिजाई वाली फसलों की आवक फरवरी में आरंभ हो सकती है। ध्यान देने की बात है कि चीन के बाद भारत दुनिया में गेहूं का दूसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं उपभोक्ता देश है।