गेहूं की सरकारी खरीद 92 प्रतिशत बढ़कर 83.58 लाख टन पर पहुंची
18-Apr-2025 12:02 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय पूल में गेहूं का सर्वाधिक योगदान देने वाले पांच शीर्ष राज्यों- पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान में इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न की जोरदार खरीद हो रही है।
कुछ राज्यों में मार्च में ही खरीद की प्रक्रिया आरंभ हो गई थी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तथा उसकी सहयोगी प्रांतीय एजेंसियों द्वारा चालू रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान 16 अप्रैल 2025 तक करीब 83.58 लाख टन गेहूं खरीदा गया जो पिछले साल की समान अवधि की खरीद 43.46 लाख टन से 92.3 प्रतिशत अधिक है।
केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने इस वर्ष कुल 312.70 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है और उसे यह लक्ष्य आसानी से हासिल हो जाने का भरोसा है। पिछले तीन सीजन से गेहूं की वास्तविक खरीद नियत लक्ष्य से कम हो रही थी।
भारतीय खाद्य निगम के नीवनतम आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान गेहूं की सरकारी खरीद मध्य प्रदेश में 21.67 लाख टन से उछलकर 40.08 लाख टन पर पहुंच गई।
ज्ञात हो कि वहां 15 मार्च से ही इसकी खरीद शुरू हो गई थी और राज्य सरकार ने किसानों को केन्द्र द्वारा निर्धारित गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर 175 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देने की घोषण भी की है।
इसी तरह राजस्थान में किसानों को गेहूं पर 150 रुपए प्रति क्विंटल का बोनस देने का निर्णय लिया गया है। राजस्थान में गेहूं की गुणवत्ता मानकों में भी कुछ राहत-रियायत दी गई है।
राजस्थान में गेहूं की सरकारी खरीद की मात्रा बढ़कर 4.80 लाख टन पर पहुंच गई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में वहां 97 हजार टन से भी कम गेहूं खरीदा गया था।
इसी तरह गेहूं की सरकारी खरीद उत्तर प्रदेश में 2.20 लाख टन से बढ़कर 3.42 लाख टन पर पहुंची। गुजरात में 1920 टन गेहूं खरीदा गया जबकि पिछले साल वहां इस समय तक गेहूं की कोई खरीद नहीं हो पाई थी। उपरोक्त चारों प्रांतों में इस बार खरीद की प्रक्रिया जल्दी शुरू हो गई थी।
गत वर्ष की तुलना में इस बार पंजाब में गेहूं की खरीद 74 हजार टन से उछलकर 5.29 लाख टन तथा हरियाणा में 17.86 लाख टन से 67 प्रतिशत बढ़कर 29.89 लाख टन पर पहुंच गई है।
पंजाब में अक्सर बैसाखी पर्व के बाद ही गेहूं की खरीद जोर पकड़ती है। बिहार में भी गेहूं की सरकारी खरीद 2 हजार टन से बढ़कर 7 हजार टन पर पहुंचने की सूचना है।
