गेहूं की सरकारी खरीद में 19 प्रतिशत की भारी वृद्धि
17-Jun-2026 12:29 PM
नई दिल्ली। रबी सीजन के सबसे प्रमुख खाद्यान्न- गेहूं की सरकारी खरीद बिलकुल अंतिम चरण में पहुंच गई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चालू रबी मार्केटिंग सीजन में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) तथा उसकी सहयोगी प्रांतीय एजेंसियों द्वारा अभी तक कुल 3,56,91517 टन गेहूं खरीदा जा चुका है जो पिछले सीजन की समान अवधि की कुल खरीद 2,99,36003 टन से 19.20 प्रतिशत तथा कुल नियत लक्ष्य 345.90 लाख टन से करीब 11 लाख टन ज्यादा है।
पिछले साल की तुलना में मौजूदा रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की सरकारी खरीद पंजाब में 1,19,23689 टन से सुधरकर 1,21,63233 टन, हरियाणा में 70,82,919 टन से बढ़कर 81,20,596 टन, मध्य प्रदेश में 77,74,491 टन से उछलकर 1,04,36,803 टन,
राजस्थान में 20,93,135 टन से बढ़कर 26,47,142 टन तथा उत्तर प्रदेश में 10,27,321 टन से उछलकर 21,56,420 टन पर पहुंच गई। इसके अलावा बिहार, गुजरात, उत्तराखंड एवं हिमाचल प्रदेश तथा चंडीगढ़ में भी केन्द्रीय पूल के लिए थोड़ी-बहुत मात्रा में गेहूं खरीदा गया।
उल्लेखनीय है कि मौजूदा रबी मार्केटिंग सीजन के लिए गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य पंजाब में 122 लाख टन, हरियाणा में 72 लाख टन, मध्य प्रदेश में 100 लाख टन, राजस्थान में 23.50 लाख टन तथा उत्तर प्रदेश में 25 लाख टन नियत किया।
मध्य प्रदेश, हरियाणा एवं राजस्थान में निर्धारित लक्ष्य से काफी अधिक गेहूं खरीद गया और पंजाब में यह नियत लक्ष्य के अत्यन्त निकट पहुंच गया लेकिन उत्तर प्रदेश में लक्ष्य से लगभग 3.50 लाख टन पीछे रह गया। औपचारिक तौर पर गेहूं की सरकारी खरीद का सीजन 30 जून 2026 को समाप्त होगा जबकि इसकी खरीद की वास्तविक प्रक्रिया लगभग बंद हो चुकी है।
