गेहूं के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने के आसार
06-Feb-2026 03:15 PM
नई दिल्ली। बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी होने तथा मौसम की हालत सामान्य रहने से मौजूदा रबी सीजन के दौरान गेहूं के घरेलू उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गेहूं का बिजाई क्षेत्र 2024-25 सीजन के 328.04 लाख हेक्टेयर से 6.13 लाख हेक्टेयर उछलकर 2025-26 के वर्तमान सीजन में 334.17 लाख हेक्टेयर के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया है
जो पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 312.35 लाख हेक्टेयर से लगभग 22 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार एवं गुजरात जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में फसल की हालत संतोषजनक बताई जा रही है।
देश में 90 प्रतिशत से अधिक गेहूं का उत्पादन उपरोक्त राज्यों में होता है। यदि वहां फरवरी-मार्च में मौसम अनुकूल रहा तो इस महत्वपूर्ण खाद्यान्न का उत्पादन एक बार फिर उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के अनुसार 2024-25 के रबी सीजन में गेहूं का घरेलू उत्पादन उछलकर 1179.40 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
मंत्रालय ने 2025-26 सीजन के लिए देश में 1190 लाख टन गेहूं के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है और उसे यह लक्ष्य हासिल होने का भरोसा भी है।
खाद्य मंत्रालय के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर पर गेहूं का औसत थोक मंडी भाव घटकर इस बार 2852.30 रुपए प्रति क्विंटल रह गया जो पिछले साल 2970.10 रुपए प्रति क्विंटल रहा था।
उद्योग व्यापार क्षेत्र के पास गेहूं का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और घरेलू बाजार में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति भी सुगम बनी हुई है।
