गुजरात में खरीफ फसलों का रकबा 83.04 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा

10-Sep-2025 06:28 PM

नई दिल्ली। गुजरात में खरीफ फसलों का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 82.68 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 83.04 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है मगर कुछ जिलों में वर्षा, बाढ़ से फसल को क्षति होने की सूचना भी मिल रही है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में मौजूदा खरीफ सीजन के दौरान गुजरात में धान का उत्पादन क्षेत्र 8.85 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जबकि मक्का का क्षेत्रफल 2.85 लाख हेक्टेयर से गिरकर 2.81 लाख हेक्टेयर तथा ज्वार का बिजाई क्षेत्र 19 हजार हेक्टेयर से घटकर 11 हजार हेक्टेयर रह गया।

दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र 3.86 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 4.42 लाख हेक्टेयर हो गया। इसके तहत खासकर अरहर (तुवर) का उत्पादन क्षेत्र 2.27 लाख हेक्टेयर से उछलकर 2.91 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा मगर मूंग का बिजाई क्षेत्र 55 हजार हेक्टेयर से घटकर 48 हजार हेक्टेयर तथा उड़द का रकबा 84 हजार हेक्टेयर से गिरकर 83 हजार हेक्टेयर रह गया। 

तिलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र 28.08 लाख हेक्टेयर से उछलकर 31.44 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। इसके तहत खासकर मूंगफली का बिजाई क्षेत्र 19.10 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 22.02 लाख हेक्टेयर और अरंडी का रकबा 5.47 लाख हेक्येटर से बढ़कर 6.24 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया

जबकि तिल का क्षेत्रफल 49 हजार हेक्टेयर से गिरकर 41 हजार हेक्टेयर और सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र 3 लाख हेक्टेयर से घटकर 2.78 हेक्टेयर रह गया।

इसी तरह कपास का उत्पादन क्षेत्र 23.63 लाख हेक्टेयर से घटकर 20.81 लाख हेक्टेयर और ग्वार का बिजाई क्षेत्र 82 हजार हेक्टेयर से गिरकर 74 हजार हेक्टेयर पर अटक गया।