गुजरात में खरीफ फसलों का रकबा गत वर्ष से 30 हजार हेक्टेयर आगे

17-Sep-2025 12:49 PM

अहमदाबाद। हालांकि पिछले साल के मुकाबले वर्तमान खरीफ सीजन के दौरान गुजरात में ज्वार, मक्का, मूंग, उड़द, तिल, सोयाबीन, कपास एवं ग्वार के बिजाई क्षेत्र में गिरावट आई है

लेकिन धान, बाजरा, तुवर, मूंगफली एवं अरंडी के क्षेत्रफल में बढ़ोत्तरी होने से खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 83.32 लाख हेक्टेयर से 30 हजार हेक्टेयर बढ़कर 83.62 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है। 

राज्य कृषि विभाग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार गत वर्ष के मुकाबले चालू रबी सीजन के दौरान 15 सितम्बर तक गुजरात में धान का उत्पादन क्षेत्र 8.86 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 9.03 लाख हेक्टेयर तथा बाजरा का बिजाई क्षेत्र 1.68 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.73 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा मगर ज्वार का रकबा 19 हजार हेक्टेयर से गिरकर 11 हजार हेक्टेयर तथा मक्का का क्षेत्रफल 2.85 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 2.81 लाख हेक्टेयर रह गया। 

इसी तरह दलहन फसलों में अरहर (तुवर) का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 2.29 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 2.95 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया

लेकिन मूंग का बिजाई क्षेत्र 55 हजार हेक्टेयर से घटकर 48 हजार हेक्टेयर तथा उड़द का क्षेत्रफल 84 हजार हेक्टेयर से फिसलकर 83 हजार हेक्टेयर रह गया। दलहनों का कुल रकबा 3.91 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 4.48 लाख हेक्टेयर हो गया। 

तिलहन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र भी 28.42 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 31.66 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा। इसके तहत खासकर मूंगफली का बिजाई क्षेत्र 19.11 लाख हेक्टेयर से उछलकर 22.02 लाख हेक्टेयर तथा अरंडी का रकबा 5.80 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 6.45 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया

जबकि तिल का क्षेत्रफल 50 हजार हेक्टेयर से गिरकर 41 हजार हेक्टेयर और सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र 3.01 लाख हेक्टेयर से घटकर 2.78 लाख हेक्टेयर रह गया।

इसी तरह कपास का बिजाई क्षेत्र 25.67 लाख हेक्टेयर से घटकर 20.83 लाख हेक्टेयर एवं ग्वार का रकबा 84 हजार हेक्टेयर से गिरकर 75 हजार हेक्टेयर रह गया।