गुजरात में मूंगफली का उत्पादन 66 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने का अनुमान

15-Sep-2025 01:17 PM

अहमदाबाद। मूंगफली के घरेलू उत्पादन में 50 प्रतिशत से अधिक का क्षेत्रफल देने वाले राज्य- गुजरात में चालू वर्ष के दौरान इस महत्वपूर्ण तिलहन का शानदार उत्पादन होने के आसार हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2024-25 सीजन के दौरान गुजरात में 52.20 लाख टन मूंगफली का उत्पादन हुआ था जबकि राज्य कृषि विभाग ने 2025-26 के सीजन में इसका कुल उत्पादन 26 प्रतिशत उछलकर 66 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है। कृषि विभाग का यह आरंभिक अनुमान है जिसमें आगे कुछ बदलाव हो सकता है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार गुजरात में मूंगफली का बिजाई क्षेत्र बढ़कर वर्तमान खरीफ सीजन में 22 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया जो पिछले साल के रकबा 19.10 लाख हेक्टेयर से करीब 15 प्रतिशत ज्यादा है।

इस बार गुजरात के सौराष्ट्र संभाग में 16.64 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि में मूंगफली की बिजाई हुई है जो कपास का भी प्रमुख उत्पादक इलाका माना जाता है।

उधर उत्तरी गुजरात में करीब 40 हजार हेक्टेयर में मूंगफली की फसल को जोरदार बारिश एवं भयंकर बाढ़ से गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

हालांकि कृषि विभाग ने राज्य में मूंगफली का बम्पर उत्पादन होने का अनुमान लगाया है मगर यह देखना आवश्यक होगा कि उत्तरी गुजरात एवं कच्छ संभाग में आई बाढ़ से फसल को कितना नुकसान होता है क्योंकि वहां भी मूंगफली की अच्छी खेती और पैदावार होती है। गुजरात के बनासकंठा, पाटन एवं कच्छ जिलों में मूंगफली की फसल को काफी क्षति होने की सूचना मिल रही है। 

2024-25 के मार्केटिंग सीजन के दौरान गुजरात में 52.20 लाख टन मूंगफली का उत्पादन आंका गया था जिसमें से 12.22 लाख टन की सरकारी खरीद हुई थी।

राज्य के 3.67 लाख किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी गई इस मूंगफली का कुल मूल्य 8295 करोड़ रुपए आंका गया। अब 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में भी सरकार ने मूंगफली की भारी खरीद करने का प्लान बनाया है।