गुजरात में रबी फसलों की बिजाई गत वर्ष से काफी पीछे
27-Nov-2024 05:25 PM
अहमदाबाद । देश के पश्चिमी भाग में अवस्थित एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य- गुजरात में खरीफ फसलों की कटाई-तैयारी में देर होने तथा तापमान ऊंचा रहने से रबी फसलों की बिजाई की गति धीमी चल रही है और इसका रकबा घट गया है।
राज्य कृषि विभाग के नवीनतम साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 25 नवम्बर तक की अवधि के अनुरूप गुजरात में पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के दौरान गेहूं का उत्पादन क्षेत्र 3.95 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 2.12 लाख हेक्टेयर,
ज्वार का बिजाई क्षेत्र 15 हजार हेक्टेयर से घटकर 5 हजार हेक्टेयर, मक्का का क्षेत्रफल 67 हजार हेक्टेयर से फिसलकर 61 हजार हेक्टेयर तथा अन्य अनाजों का रकबा 4 हजार हेक्टेयर से गिरकर 2 हजार हेक्टेयर रह गया।
इसके फलसवरूप अनाजी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 4.82 लाख हेक्टेयर से घटकर 2.81 लाख हेक्टेयर पर अटक गया जो सामान्य औसत क्षेत्रफल का 20 प्रतिशत है।
इसी तरह दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र भी 3.45 लाख हेक्टेयर से घटकर 2.30 लाख हेक्टेयर रह गया जो सामान्य औसत क्षेत्रफल का 26.28 प्रतिशत है।
इसके तहत चना का बिजाई क्षेत्र 3.14 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 1.84 लाख हेक्टेयर पर आ गया लेकिन अन्य दलहनों का क्षेत्रफल 31 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 47 हजार हेक्टेयर पर पहुंच गया।
तिलहन फसलों का रकबा इसी अवधि में 2.21 लाख हेक्टेयर से घटकर 1.35 लाख हेक्टेयर रह गया जिसमें मुख्यत: सरसों शामिल है। सरसों का बिजाई क्षेत्र 2.21 लाख हेक्टेयर से गिरकर 1.33 लाख हेक्टेयर पर अटक गया।
