गजट नोटिफिकेशन जारी होने तक श्रीलंका में चावल का आयात स्थगित
23-Dec-2024 12:27 PM
कोलम्बो । श्रीलंका के कस्टम विभाग ने घोषणा की है कि जब तक सम्बन्धित गजट नोटिफिकेशन जारी नहीं हो जाता है तब तक देश में किसी भी परिस्थिति में चावल के आयात की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्राइवेट आयातकों को पहले 20 दिसम्बर तक चावल मंगाने की मंजूरी दी गई थी जिसकी अवधि समाप्त हो चुकी है। इस अवधि के दौरान श्रीलंका में करीब 67,000 टन चावल का आयात हो गया।
हालांकि हाल ही में सरकार ने घोषणा की थी कि चावल के आयात की अवधि 10 जनवरी 2025 तक बढ़ाई जाएगी लेकिन इसके लिए गजट अधिसूचना अभी तक जारी नहीं हुई है और इसलिए कस्टम विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सरकारी राजपत्र (गजट) में विधिवत अधिसूचना जारी नहीं हो जाती तब तक विदेशों से आयातित चावल की खेप को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
श्रीलंका में मुख्यत: भारत से और खासकर नाडु चावल का बड़े पैमाने पर आयात हो रहा था जो अब कुछ दिनों के लिए स्थगित हो गया है।
दरअसल बांग्ला देश की भांति श्रीलका में भी आंधी-तूफान, मूसलाधार वर्षा एवं भयंकर बाढ़ के कारण धान की फसल क्षतिग्रस्त हो गई जिससे चावल के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना है। घरेलू बाजार भाव तेज होने से सरकार को चावल के आयात की अनुमति देनी पड़ी।
