हिमाचल प्रदेश में राशन दुकानों में दालों एवं खाद्य तेलों का भारी अभाव
23-Dec-2024 11:25 AM
शिमला । हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन दुकानों के जरिए लाभार्थियों को रियायती मूल्य पर खाद्य तेल, दाल तथा नमक आदि की बिक्री की जाती है लेकिन पिछले दो महीनों से इस उचित दर की दुकानों में आवश्यक खाद्य पदार्थों का भारी अभाव होने से खासकर कांगड़ा जिले के लोगों की कठिनाई बहुत बढ़ गई है।
सरकारी डिपो से केवल अरहर, चावल एवं चीनी की आपूर्ति हो रही है जबकि जो कार्ड धारक खाद्य तेल एवं दाल खरीदने जाते हैं उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।
डिपो पर कार्ड धारकों को स्पष्ट कहा जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से खाद्य तेल, दाल एवं नमक की आपूर्ति नहीं हो रही है।
यह मामला सभी राशन कार्ड धारकों के साथ देखा जा रहा है चाहे वह गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) श्रेणी का हो या गरीबी रेखा से ऊपर (एपीएल) संवर्ग का।
सरकारी दुकानों से आपूर्ति ठप्प होने से इन लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इन लोगों को खुले बाजार से काफी ऊंचे दाम पर दालों एवं तेलों की खरीद करनी पड़ रही है जिससे खास कर बीपीएल परिवारों के लिए मुसीबत बढ़ गई है।
बीपीएल तथा आईआरडीपी कार्ड धारकों का कहना है कि वर्षों पुराने पेंशन के अलावा उन्हें अपने दैनिक खर्चों को पूरा करने के लिए आमदनी का कोई स्रोत प्राप्त नहीं है और खुले बाजार में खाद्य तेलों तथा दालों का भाव इतने ऊंचे स्तर पर है कि उसकी खरीद करना मुश्किल हो रहा है।
उधर निगम का कहना है कि दालों एवं खाद्य तेलों की खरीद के लिए टेंडर अंतिम चरण में है और एक सप्ताह के अंदर राशन दुकानों को इसकी आपूर्ति शुरू हो जाने की उम्मीद है।
