इंडोनेशिया में अगले साल लागू होगा बी 40 बायो डीजल प्रोग्राम
20-Dec-2024 01:43 PM
जकार्ता । दुनिया में पाम तेल के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- इंडोनेशिया के आर्थिक संयोजन मंत्री ने कहा है कि 1 जनवरी 2025 से देश में बी 40 बायोडीजल प्रोग्राम लागू हो जाएगा जिसके तहत बायोडीजल के निर्माण में 40 प्रतिशत खाद्य तेल (मुख्यत: पाम तेल) का उपयोग करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि क्रूड पाम तेल (सीपीओ) के लिए निर्यात लेवी को 10 प्रतिशत तक बढ़ाया जाएगा। नई लेवी का क्रियान्वयन फिलहाल वित्त मंत्रालय के रेग्युलेशन में लंबित है जिस पर जल्दी ही निर्णय लिए जाने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि इंडोनेशियाई पाम तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के अग्रणी संगठन-गापकी ने बी 40 बायोडीजल प्रोग्राम के प्रति सरकार को आगाह करते हुए कहा था कि इससे पाम तेल उत्पादों का निर्यात प्रभावित हो सकता है।
गापकी के अनुसार जब तक पाम तेल का घरेलू उत्पादन इस अतिरिक्त खपत के अनुरूप नहीं बढ़ता है तब तक निर्यात प्रदर्शन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। फिलहाल वहां बी 35 बायोडीजल कार्यक्रम लागू है।
इंडोनेशिया सरकार स्वदेशी रिफाइनिंग उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए क्रूड पाम तेल के बजाए रिफाइंड उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा दे रही है इसलिए सीपीओ पर निर्यात शुल्क एवं निर्यात लेवी का स्तर ऊंचा रखने का प्रयास किया जा रहा है।
आरबीडी पाम तेल और रिफाइंड पामोलीन का निर्यात बढ़ने से वहां सीपीओ की घरेलू खपत में इजाफा हो रहा है।
