इंडोनेशिया में बी 50 प्लान फिलहाल स्थगित रखने का निर्णय
15-Jan-2026 09:29 PM
जकार्ता। इंडोनेशिया में पहले वर्ष 2026 से बायो डीजल के निर्माण में 50 प्रतिशत पाम तेल के अनिवार्य मिश्रण का नियम (बी-50 प्रोग्राम) लागू करने का प्लान बनाया गया था लेकिन अब इसे स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। फिलहाल वहां 40 प्रतिशत पाम तेल के मिश्रण का बी 40 प्रोग्राम लागू है जिसे पिछले साल आरंभ किया गया था।
इंडोनेशिया के उप ऊर्जा मंत्री ने कहा है कि सरकार ने फिलहाल 40 प्रतिशत पाम तेल आधारित ईंधन के मिश्रण तथा 60 प्रतिशत डीजल के वर्तमान स्तर को बरकरार रखने का फैसला किया है।
बी 40 प्रोग्राम को कायम रखने का निर्णय उस समय किया गया जब इंडोनेशिया सरकार ने उस टाइम लाइन की समीक्षा की जो बी 50 ईंधन का ट्रायल पूरा होने के लिए जरुरी थी।
सरकार यह देखना चाहती है कि ट्रेन (रेलगाड़ी), भारी उपकरण एवं मशीन आदि में यदि 50 प्रतिशत पाम तेल के मिश्रण वाले ईंधन का उपयोग किया जाये तो उस पर इसका कैसा प्रभाव पड़ता है। इसके लिए परीक्षण की आवश्यकता है और जब तक ट्रायल का सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आ जाता तब तक बी 40 प्रोग्राम ही लागू रहेगा।
उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि भारत इसका सबसे प्रमुख खरीदार बना हुआ है।
इंडोनेशिया में हाल के वर्षों के दौरान डीजल ईंधन के उत्पादन की क्षमता में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है इसलिए पाम तेल के ज्यादा मिश्रण की आवश्यकता महसूस नहीं की जा रही है। बी 50 प्रोग्राम लागू नहीं होने से इंडोनेशिया में पाम तेल के निर्यात योग्य स्टॉक में कमी आने की संभावना समाप्त हो जाएगी।
