इंडोनेशिया में भारतीय मूंगफली के आयात पर अस्थायी रोक
29-Aug-2025 12:50 PM
मुम्बई। एक अग्रणी तिलहन निर्यातक संस्था- इंडियन ऑयल सीड्स एंड प्रोड्यूस एक्सपोर्ट प्रोमोशन कौंसिल (आईओपीईपीसी) ने अपने सभी सदस्यों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं आवश्यक सूचना जारी की है।
इसमें कहा गया है कि कौंसिल को केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय-कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने सूचित किया है कि उसे इंडोनेशिया क्वारंटाइन ऑथोरिटी (आईक्यूए) ने 27 अगस्त 2025 को एक पत्र भेजा था जिसमें नियमों-शर्तों का पालन नहीं करने के कारण इंडोनेशिया में भारतीय मूंगफली / सिंगदाना के आयात पर अस्थायी रूप से पाबंदी लगाने की जानकारी दी गई थी।
इससे पूर्व इंडोनेशिया ने नियमों शर्तों के गैर अनुपालन को अधिसूचना के लिए कार्रवाई करने की सूचना दी थी और अब मूंगफली का आयात स्थगित करने का निर्णय लिया है।
यह फैसला इंडोनेशियन क्वारंटाइन ऑथोरिटी द्वारा जारी पत्र की तिथि यानी 27 अगस्त 2025 से 7 (सात) दिनों के अंदर प्रभावी हो जाएगा और वहां अगले आदेश तक भारत से मूंगफली का आयात बंद रहेगा।
लेकिन ट्रांजिशन (परिवहन) में आने वाले माल की खेपों के लिए इसमें राहत-रियायत दी गई है। एपीडा के लिए जारी पत्र में कहा गया है कि 27 अगस्त 2025 से 7 दिन तक की पूर्व तिथि तक के बिल ऑफ लेडिंग वाली मूंगफली खेपों को इंडोनेशिया में स्वीकार किया जाएगा मगर उसकी जोखिम आधारित जांच-पड़ताल की जाएगी तथा इंडोनेशिया के प्रवेश बिंदु पर उसका दोबारा परीक्षण करवाया जाएगा।
इसमें सफल होने वाली खेपों को ही स्वीकार किया जाएगा। यदि कोई खेप (मूंगफली) इस कसौटी पर खरा नहीं उतरती है तो उसे नामंजूर कर दिया जाएगा। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी जब तक इंडोनेशिया के संक्रामक रोग निवारण प्राधिकरण (आईक्यूए) द्वारा किसी अन्य प्रबंध की सूचना जारी नहीं की जाती है।
कौंसिल ने प्राधिकरण के इस पत्र के आलोक में अपने सभी निर्यातक सदस्यों को आगाह करते हुए आवश्यक सावधानी बरतने का सुझाव दिया है। इंडोनेशिया को मूंगफली का निर्यात शिपमेंट करने से पूर्व निर्यातकों को सभी पहलुओं का ध्यान रखने के लिए कहा गया है।
