इंडोनेशिया में बायोडीजल का उत्पादन नियत लक्ष्य से ऊपर पहुंचा

10-Feb-2025 08:31 PM

जकार्ता । दुनिया में पाम तेल के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- इंडोनेशिया में वर्ष 2024 के दौरान नियत लक्ष्य से अधिक बायोडीजल का निर्माण हुआ। दरअसल वर्ष 2024 में इंडोनेशिया सरकार ने बायोडीजल निर्माण में 35 प्रतिशत पाम तेल के अनिवार्य उपयोग का नियम लागू किया था

और इसके आधार पर 11.3 बिलियन किलोलीटर बायोडीजल के उत्पादन  का लक्ष्य निर्धारित किया था जबकि इसका वास्तविक उत्पादन बढ़कर 13.15 मिलियन किलो लीटर पर पहुंच गया। 

उल्लेखनीय है कि इंडोनिशया में बायोडीजल निर्माण में 35 प्रतिशत पाम तेल के उपयोग का अनिवार्य नियम वर्ष 2023 में ही लागू हो गया था जबकि फरवरी 2025 के अंत तक वहां 40 प्रतिशत मिश्रण का नियम लागू होने की संभावना है जो दुनिया में मिश्रण का सबसे ऊंचा स्तर है।

इसके आधार पर वहां 2025 में 15.6 मिलियन किलो लीटर बायोडीजल के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह लक्ष्य भी हासिल हो जाने की उम्मीद है। 

इंडोनेशिया के ऊर्जा एवं खनिज सम्पदा मंत्री के अनुसार 2024 की सम्पूर्ण अवधि के दौरान ऊर्जा क्षेत्र में ग्रीन हाउस गैस (जीएच) के उत्सर्जन में गिरावट का दौर बरकरार रहा और कुल मिलाकर 147.61 मिलियन टन कार्बन डाय ऑक्साइड का उत्सृजन रोका गया जो 142 मिलियन टन के नियत लक्ष्य से भी ज्यादा रहा।  

हालांकि सरकार ने फरवरी के अंत तक 40 प्रतिशत मिश्रण (बी 40) का कार्यक्रम लागू करने का प्लान बनाया है जबकि कुछ क्षेत्रों में सरकारी रिफाइनरीज ने इस पर अमल भी शुरू कर दिया है।

बायोडीजल निर्माण में उपयोग ज्यादा होने से इंडोनेशिया में पाम तेल के निर्यात योग्य स्टॉक में कमी आ सकती है लेकिन सरकार को इसकी परवाह नहीं है।