इंडोनेशिया से जुलाई में 29.90 लाख टन पाम तेल उत्पादों का निर्यात

09-Sep-2025 09:03 PM

जकार्ता। जर्मनी के हैम्बर्ग नगर से प्रकाशित तिलहन-तेल विषय के विश्व प्रसिद्ध न्यूज लेटर- ऑयल वर्ल्ड के आंकड़ों से पता चलता है कि इंडोनेशिया से जुलाई - 2025 में पाम तेल उत्पादों का कुल निर्यात जुलाई 2024 के 17.70 लाख टन से 69 प्रतिशत उछलकर 29.90 लाख टन पर पहुंच गया मगर फिर भी जून 2025 के शिपमेंट 30.40 लाख टन से 50 हजार टन कम रहा। 

जुलाई 2025 के दौरान इंडोनेशिया से भारत के सर्वाधिक 6.55 लाख टन पाम तेल उत्पादों का निर्यात हुआ जिसमें 6.21 लाख टन क्रूड पाम तेल का शिपमेंट शामिल था। इसके अलावा चीन को 3.88 लाख टन, पाकिस्तान को 3.61 लाख टन तथा यूरोपीय संघ को 1.94 लाख टन पाम तेल का निर्यात हुआ। 

उल्लेखनीय है कि इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे उत्पादक एवं निर्यातक देश है। इंडोनेशिया के केन्द्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (सीबीएस) की रिपोर्ट के अनुसार चालू वर्ष के शुरुआती सात महीनों में यानी जनवरी-जुलाई 2025 के दौरान देश से कुल मिलाकर 136.90 लाख टन पाम तेल का निर्यात हुआ जो वर्ष 2024 की समान अवधि के शिपमेंट से 10.95 प्रतिशत अधिक रहा। इस वर्ष निर्यात में उतार-चढ़ाव देखा गया।  

भारत में जनवरी-अप्रैल 2025 के चार महीनों में पाम तेल के आयात में भारी गिरावट दर्ज की गई जिससे इंडोनेशिया और मलेशिया से शिपमेंट कमजोर रहा।

लेकिन मई से भारत में पाम तेल का आयात बढ़ने लगा और जून-जुलाई में इसकी मात्रा तेजी से बढ़ गई। अगस्त में उद्योग-व्यापार समीक्षकों ने भारत में 9.93 लाख टन पाम तेल के आयात का अनुमान लगाया है

जिसमें इंडोनेशियाई तेल की भागीदारी 60 प्रतिशत से अधिक रहने की संभावना है। इंडोनेशिया से भारत, चीन, पाकिस्तान एवं  यूरोपीय संघ के साथ-साथ कई अन्य देशों को भी भारी मात्रा में पाम तेल का निर्यात किया जाता है।