इथोपिया से दलहन-तिलहन के निर्यात में हो रही है शानदार बढ़ोत्तरी

20-Dec-2024 01:50 PM

अदिस अबाबा । अफ्रीकी देश इथोपिया से हाल के वर्षों में दलहनों एवं तिलहनों के निर्यात में शानदार बढ़ोत्तरी हुई है और इसका सिलसिला अभी जारी है। इसके फलस्वरूप देश के सकल निर्यात में कृषि क्षेत्र की भागीदारी काफी बढ़ गई है।

दलहन-तिलहन क्षेत्र पर सार्वजनिक- निजी संवाद फोरम को सम्बोधित करते हुए इथोपिया के व्यापार मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से कृषि उत्पादों के निर्यात में मात्रा एवं आमदनी-दोनों ही दृष्टि से जोरदार बढ़ोत्तरी हो रही है।

इससे न केवल किसानों को बेहतर आमदनी प्राप्त हो रही है और उसे उत्पादन बढ़ाने का भरपूर प्रोत्साहन मिल रहा है बल्कि राष्ट्रीय अर्थ व्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। देश के निर्यात से प्राप्त होने  वाले कुल राजस्व में कृषि क्षेत्र अब सर्वाधिक योगदान देने लगा है। 

व्यापार मंत्री के मुताबिक पिछले पांच महीनों के दौरान इथोपिया को निर्यात से लगभग 2060 अरब डॉलर की आमदनी प्राप्त हुई क्योंकि दलहन-तिलहन का निर्यात बढ़ गया।

पिछले साल दलहन-तिलहन के निर्यात से 67.50 करोड़ डॉलर की आमदनी हासिल हुई थी जिससे संकेत मिलता है कि वैश्विक बाजार में इथोपियाई उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही रही है। 

संघीय सरकार दलहन-तिलहन का उत्पादन एवं निर्यात बढ़ाने के लिए लगातार जोरदार प्रयास कर रही है। किसानों को हर संभव तरीके से उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। 

पिछले छह वर्षों के दौरान इस दिशा में अनेक उपाय किए गए और कई योजनाएं लागू की गई। इसका परिणाम उत्सावर्धक रहा। दलहन-तिलहन की औसत उपज दर तथा एकल पैदावार बढ़ाने, क्वालिटी में सुधार लाने तथा विपणन तंत्र को आधुनिक बनाने की दिशा में अनेक ठोस कदम उठाए गए हैं। इससे अब किसानों को औने-पौने दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश नहीं होना पड़ता है। 

इथोपिया सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान निर्यात से 5 अरब डॉलर की आमदनी हासिल करने का लक्ष्य रखा है और शुरूआती पांच महीनों के प्रदर्शन से इसकी प्राप्ति की उम्मीद बढ़ गई है।