जीएम मक्का का आयात नहीं करने के कारण भी भारत से नाराज है अमरीका

16-Sep-2025 06:08 PM

नई दिल्ली। रूस से पेट्रोलियम और हथियार (रक्षा उपकरण) खरीदने के बहाने अमरीका ने अनेक भारतीय उत्पादों के आयात पर 50 प्रतिशत का भारी-भरकम टैरिफ लगा दिया जबकि अधिकांश विश्लेषकों का मानना है कि अमरीका का यह कदम 'हाथी के बाहरी दांत' जैसा है।

वास्तविकता तो यह है कि अमरीका भारतीय बाजारों में जीएम संवर्ग का अपना मक्का और सोयाबीन उतारना चाहता है मगर मोदी सरकार इसकी अनुमति देने के लिए तैयार नहीं है।

अमरीका के लिए एक संकट चीन की तरफ से भी सामने आया है। चीन अमरीकी मक्का एवं सोयाबीन का प्रमुख खरीदार रहा है लेकिन अब वह इसकी खरीद करने में बहुत कम दिलचस्पी दिखा रहा है। इससे भी अमरीका भड़क गया है और उसने चीन पर 50 से 100 प्रतिशत तक का टैरिफ लगाने की धमकी दी है। 

इस बीच अमरीका के वाणिज्य मंत्री ने मक्का आयात पर भारत को घेरने या परेशान करने का प्रयास आरंभ किया है। उसका कहना है कि भारत अमरीकी मक्का का आयात करने का इच्छुक नहीं है।

लेकिन सवाल यह उठता है कि जब भारत स्वयं दुनिया में मक्का के 10 शीर्ष उत्पादक देशों में शामिल है तो वह अमरीका से इसका आयात क्यों करना चाहेगा। वर्ष 2022-23 तक भारत एक निर्यातक देश बना हुआ था। इस वर्ष मक्का का घरेलू उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है। 

यह सही है कि भारत में एथनॉल निर्माण के लिए मक्का की मांग एवं खपत तेजी से बढ़ती जा रही है और इसलिए आने वाले वर्षों में यदि इसके अनुरूप उत्पादन में बढ़ोत्तरी नहीं हुई तो विदेशों से इसके विशाल आयात की आवश्यकता पड़ सकती है।

घरेलू प्रभाग में अन्य उद्देश्यों को पूरा करने के लिए मक्का का पर्याप्त उत्पादन हो रहा है और सिर्फ एथनॉल उद्योग की वजह से इसकी मांग एवं आपूर्ति का संतुलन बिगड़ने की आशंका है।

भारत मक्का का उत्पादन बढ़ाने का हर संभव प्रयास कर रहा है। दरअसल भारत पर अमरीका मक्का आयात खोलने के लिए भारी दबाव चीन की बेरुखी के कारण डाल रहा है। 

अमरीकी वाणिज्य मंत्री से जब यह पूछा गया कि भारत अमरीका से मक्का क्यों नहीं मंगाता है तो उन्होंने झुंझलाते हुए कहा कि भारत बार-बार दोहराता है कि वह 140 करोड़ की विशाल जनसंख्या वाला देश है।

यदि ऐसा है तो 140 करोड़ लोग अमरीका से मक्के का एक दाना तक क्यों नहीं खरीदते हैं। एक तरफ तो (भारत) अमरीका को हर तरह का सामान बेचते हैं मगर उसके मक्का और सोयाबीन की खरीद नहीं करते हैं।

भारत ने सभी उत्पादों पर भारी-भरकम टैरिफ लगा रखा है। उल्लेखनीय है कि अमरीका दुनिया में मक्का का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है और इसके वैश्विक उत्पादन में 30-32 प्रतिशत का योगदान देता है।