जुलाई में सोयामील के निर्यात में 83 प्रतिशत की जोरदार गिरावट
26-Aug-2026 08:09 PM
इंदौर। सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई- 2025 की तुलना में जुलाई 2026 के दौरान भारत से सोयामील का निर्यात करीब 83 प्रतिशत घटकर 25 हजार टन पर अटक गया।
इसी तरह अक्टूबर 2025 से जुलाई 2026 के दौरान देश से केवल 9.72 लाख टन सोयामील का निर्यात हो सका जो 2024-25 के मार्केटिंग सीजन की इसी अवधि के शिपमेंट से 43 प्रतिशत कम रहा। पिछले साल की तुलना में इस वर्ष जुलाई में सोयामील के उत्पादन में 11 प्रतिशत से अधिक तथा अक्टूबर जुलाई की अवधि में करीब 7 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
सोपा की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर पर थोक मंडियों में सोयाबीन की आवक-जुलाई 2025 के 6 लाख टन से करीब 15 प्रतिशत घटकर जुलाई 2026 में 5 लाख टन पर अटक गई। सोयाबीन की आपूर्ति का अभी ऑफ सीजन चल रहा है। इस अवधि में सोयाबीन क्रशिंग की मात्रा भी 9 लाख टन से घटकर 8 लाख टन रह गई। मध्य सितम्बर के बाद सोयाबीन के नए माल की आवक जोर पकड़ने की संभावना है।
थोक मंडी भाव काफी ऊंचा एवं आकर्षक होने से किसान नई फसल को जल्दी से जल्दी मार्केट में उतारने की कोशिश कर सकते हैं। इसकी बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है और इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से कुछ पीछे हो गया है। अक्टूबर 2025 से जुलाई 2026 के दौरान मंडियों में 82.50 लाख टन सोयाबीन की आवक हुई जबकि पिछले स्टॉक के साथ 89.50 लाख टन की क्रशिंग की गई।
