जून के लिए 25.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित

29-May-2024 04:37 PM

नई दिल्ली । केन्द्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा जून 2024 के लिए 25.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल (घरेलू बिक्री) कोटा घोषित किया गया है जो जून 2023 के लिए नियत कोटा 23.50 लाख टन से 2 लाख टन या 8.5 प्रतिशत ज्यादा मगर मई के लिए नियत रिकॉर्ड फ्री सेल कोटा 27.00 लाख टन से 1.50 लाख टन कम है। मई 2023 में 24 लाख टन का कोटा निर्धारित हुआ था। 

दिलचस्प तथ्य यह है कि रिकॉर्ड फ्री सेल कोटा घोषित होने के बावजूद मई में चीनी का दाम ऊंचे स्तर पर मजबूत बना रहा क्योंकि आम चुनाव एवं भीषण गर्मी के कारण इसकी मांग एवं खपत काफी बढ़ गई।

4 जून को चुनाव का परिणाम सामने आने वाला है और इसलिए सराकर अब ज्यादा संवेदनशील नहीं दिख रही है। जून में मानसून के आने एवं अच्छी बारिश होने की उम्मीद है जिससे तापमान में कमी आ सकती है और ऊंचे दाम पर चीनी की मांग कुछ कमजोर पड़ सकती है।

उद्योग समीक्षकों के अनुसार मई की प्रचंड गर्मी की वजह से न केवल आइस क्रीम एवं कोल्ड ड्रिंक्स निर्माण के लिए चीनी की मांग बढ़ गई बल्कि चुनावी रैलियों एवं जनसभावों के लिए भी इसकी खपत में बढ़ोत्तरी हुई।

गन्ना की क्रशिंग का सीजन जल्दी समाप्त होने से मार्केट में चीनी की आपूर्ति घट गई। मिलर्स एवं विश्लेषकों के अनुसार जून 2024 के दौरान भी चीनी का घरेलू बाजार भाव ऊंचा एवं मजबूत रहने की उम्मीद है। उत्तरी भारत में गर्मी का मौसम आगे भी जारी रह सकता है जिससे चीनी की अच्छी मांग रहेगी।  

सरकार ने घरेलू बाजार भाव को नियंत्रित करने के उद्देश्य से मई एवं जून के लिए चीनी का फ्री सेल कोटा बढ़ाया मगर यह उद्देश्य पूरा होने में संदेह है।

इससे पूर्व अप्रैल 2024 में 25 लाख टन, मार्च में 23.50 लाख टन तथा फरवरी में 22 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा घोषित किया गया था।

चीनी का दाम घटाने का सरकारी प्रयास सफल नहीं हो रहा है चीनी का उत्पादन घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए पर्याप्त हुआ है। वैसे इस बार चीनी की घरेलू खपत बढ़कर 290 लाख टन तक पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।