जून माह के लिए 23 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा घोषित

30-May-2025 05:48 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय ने जून 2025 के दौरान घरेलू प्रभाग में बेचने हेतु देशभर की 581 इकाइयों के लिए कुल मिलाकर 23 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित किया है। इस कोटे की चीनी की बिक्री 1 से 30 जून के बीच की जाएगी।

इससे पूर्व अप्रैल तथा मई के लिए 23.50-23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया गया था जिसके मुकाबले जून का कोटा 50 हजार टन कम है। 

हालांकि जून ग्रीष्मकालीन महीना है जिसमें अक्सर चीनी की औद्योगिक मांग बढ़ जाती है लेकिन साथ ही साथ यह दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन का भी पहला महीना होता है जिसमें देश के विभिन्न भागों में बारिश होती है और तापमान नीचे आने की संभावना रहती है। कुल मिलाकर जून के लिए नियत 23 लाख टन चीनी के कोटे को सामान्य माना जा सकता है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जून 2025 में घरेलू बिक्री के लिए चीनी का कोटा उत्तर प्रदेश के लिए करीब 9.48 लाख टन, उत्तराखंड के लिए 40 हजार टन, तेलंगाना के लिए 5200 टन, तमिलनाडु के लिए 46 हजार टन,

राजस्थान के लिए 1563 टन, पंजाब के लिए 42 हजार टन, उड़ीसा के लिए करीब 3 हजार टन, महाराष्ट्र के लिए 6.82 लाख टन मध्य प्रदेश के लिए 52 हजार टन, कर्नाटक के लिए 2.70 लाख टन,

हरियाणा के लिए 53 हजार टन गुजरात के लिए 87 हजार टन, छत्तीसगढ़ के लिए 3510 टन बिहार के लिए 56437 टन तथा आंध्र प्रदेश के लिए लगभग 12 हजार टन नियत किया गया है। 

2024-25 के मार्केटिंग सीजन में महाराष्ट्र को पीछे छोड़कर उत्तर प्रदेश भारत में चीनी का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य बन गया। वहां इसके आधार पर चीनी का फ्री सेल कोटा काफी बढ़ाया गया है जबकि उत्पादन में गिरावट के कारण महाराष्ट्र एवं कर्नाटक का कोटा छोटा कर दिया गया है।