रूई का वैश्विक उत्पादन 1219 लाख गांठ पर पहुंचने का अनुमान

10-Apr-2026 04:43 PM

न्यूयार्क। अमरीका कृषि विभाग (उस्डा) ने अपनी नई मासिक (अप्रैल) रिपोर्ट में रूई का वैश्विक उत्पादन 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) में बढ़कर 1218.70 लाख गांठ (480 पौंड की प्रत्येक गांठ) पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की है

जो मार्च रिपोर्ट में लगाए गए अनुमान 1209.90 लाख गांठ से ज्यादा है। रिपोर्ट में भारत, चीन एवं पाकिस्तान के रूई उत्पादन अनुमान में 3-3 लाख गांठ का इजाफा किया गया है जबकि कुछ अन्य देशों के उत्पादन अनुमान में थोड़ा-बहुत बदलाव हुआ है। 

उस्डा की रिपोर्ट में 2025-26 सीजन के लिए रूई की वैश्विक खपत का अनुमान भी 1185.80 लाख गांठ से बढ़ाकर अब 1191.40 लाख गांठ निर्धारित किया गया है। इसके तहत खासकर भारत और चीन की टैक्सटाइल मिलों में रूई की ज्यादा खपत होने की संभावना व्यक्त की गई है जबकि बांग्ला देश एवं वियतनाम में रूई की खपत का अनुमान कुछ घटाया गया है।

अमरीकी कृषि विभाग ने रूई के वैश्विक कारोबार के अनुमान में थोड़ी कटौती कर दी है। मार्च की रिपोर्ट में 439.10 लाख गांठ रूई के आयात-निर्यात का अनुमान लगाया गया था जिसे अप्रैल की रिपोर्ट में घटकर 437.20 लाख गांठ नियत किया गया है। रूई के वैश्विक निर्यात के अनुमान में करीब 1.90 लाख गांठ की कटौती की गई है क्योंकि भारत से इसका शिपमेंट कम होने की संभावना है।

लेकिन 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के अंत में रूई का वैश्विक बकाया स्टॉक बढ़कर 770.40 लाख गांठ पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है जो मार्च के अनुमान 763.90 लाख गांठ से अधिक है। भारत के लिए उस्डा ने रूई के उत्पादन का अनुमान 235 लाख गांठ से बढ़ाकर 238 लाख गांठ निर्धारित किया है।