मार्च में मलेशियाई पाम तेल के निर्यात में 40.7 प्रतिशत की भारी वृद्धि

10-Apr-2026 03:19 PM

कुआलालम्पुर। कुछ चुनौतियों एवं बाधाओं के बावजूद मलेशिया से पाम तेल के निर्यात का प्रदर्शन पिछले महीने उत्साहवर्धक रहा। इसके फलस्वरूप वहां पाम तेल के बकाया स्टॉक में काफी गिरावट आ गई। 

सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) के नवीनतम मासिक आंकड़ों से पता चलता है कि फरवरी की तुलना में मार्च 2026 के दौरान मलेशिया में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का उत्पादन 7.21 प्रतिशत सुधरकर 13,76,849 टन पर पहुंचा। इसी तरह मलेशियाई पाम तेल उत्पादों का निर्यात भी इसी अवधि में 40.70 प्रतिशत उछलकर 15,51,264 टन पर पहुंच गया। 

दूसरी ओर वहां पाम तेल का कुल स्टॉक 16.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,67.260 टन पर आ गया। इसके तहत क्रूड पाम का स्टॉक 14.93 प्रतिशत गिरावट 12,56,368 टन तथा प्रोसेस्ड (रिफाइंड) पाम तेल का स्टॉक 17.61 प्रतिशत घटाकर 10,10,892 टन रह गया। पाम तेल की भांति पाम कर्नेल तेल का स्टॉक भी 9.74 प्रतिशत गिरकर 3,39,697 टन रह गया।

फरवरी की तुलना में मार्च माह के दौरान मलेशिया में पाम तेल का आयात 12.42 प्रतिशत  घटकर 66,801 टन पर अटक गया। ज्ञात हो कि इंडोनेशिया के बाद मलेशिया दुनिया में पाम तेल का दूसरा सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है।