जनवरी में इंडोनेशियाई पाम तेल के उत्पादन में मामूली गिरावट
08-Apr-2025 08:33 PM
जकार्ता । उद्योग- व्यापार क्षेत्र के शीर्ष संगठन- इंडोनेशियन पाम ऑयल एसोसिएशन (गापकी) के आंकड़ों से पता चलता है कि दिसम्बर 2024 के मुकाबले जनवरी 2025 के दौरान इंडोनेशिया में पाम तेल के उत्पादन एवं घरेलू उपयोग में गिरावट आई। हालांकि देश से इसका निर्यात लगभग स्थिर रहा मगर सुरक्षित बकाया स्टॉक में इजाफा हो गया।
गापकी के अनुसार दिसम्बर 2024 की शुरुआत में इंडोनेशियाई उद्योग के पास कुल 25.83 लाख टन पाम तेल उत्पादों का पिछला स्टॉक बचा हुआ था जो जनवरी 2025 के आरंभ में 7000 टन घटकर 25.76 लाख टन रह गया।
इस अवधि में वहां पाम तेल का उत्पादन भी 42.37 लाख टन से 53 हजार टन गिरकर 41.84 लाख टन रह गया।
जहां तक पाम तेल उत्पादों के घरेलू उपयोग का सवाल है तो इसकी मात्रा दिसम्बर 2024 के 21.87 लाख टन से 3.16 लाख टन गिरकर जनवरी 2025 में 18.71 लाख टन पर सिमट गई।
इसके तहत पाम तेल का उपयोग खास उद्देश्य में 9.61 लाख टन से 2.03 लाख टन घटकर 7.58 लाख टन तथा बायोडीजल में 10.46 लाख टन से 1.30 लाख टन गिरकर 9.16 लाख टन रह गया जबकि ऑलियो कैमिकल में पाम तेल का उपयोग 1.80 लाख टन से सुधरकर 1.97 लाख टन पर पहुंच गया।
इंडोनेशिया दुनिया में पाम तेल का सबसे प्रमुख उत्पादक, उपभोक्ता एवं निर्यातक देश है। वहां से भारत और चीन सहित दुनिया के अनेक देशों में बड़े पैमाने पर पाम तेल का निर्यात किया जाता है।
गापकी के आंकड़ों के मुताबिक इंडोनेशिया से दिसम्बर में 69 हजार टन क्रूड पाम तेल का निर्यात हुआ था जो जनवरी में और भी घटकर 39 हजार टन पर सिमट गया।
इसी तरह प्रोसेस्ड या रिफाइंड पाम तेल (पामोलीन सहित) का शिपमेंट 14.65 लाख टन से फिसलकर 14.49 लाख टन तथा ऑलियो कैमिकल का निर्यात 4.28 लाख टन से गिरकर 3.88 लाख टन पर अटक गया।
इंडोनेशिया सरकार क्रूड पाम तेल के बजाए रिफाइंड पाम तेल एवं आरबीडी पामोलीन के निर्यात को ज्यादा प्रोत्साहित कर रही है।
जनवरी 2025 के अंत में इंडोनेशियाई उद्योग के पास पाम तेल उत्पादों का कुल बकाया स्टॉक बढ़कर 29.36 लाख टन पर पहुंच गया जो दिसम्बर की समाप्ति पर उपलब्ध स्टॉक 25.76 लाख टन से 3.60 लाख टन ज्यादा था। चीन और भारत में निर्यात कम हुआ।
