जोरदार गिरावट के बाद कनाडा में मटर का भाव स्थिर
11-Sep-2025 03:12 PM
रेगिना। रूस के सस्ते नए माल की प्रतिस्पर्धा का सामना करने के लिए कनाडा को अपनी मटर के निर्यात ऑफर मूल्य में भारी कटौती करनी पड़ी और इसलिए वहां इसका दाम घरेलू बाजार में काफी घट गया। लेकिन अब कीमतों में निचले स्तर पर स्थिरता आ गई है।
10 सितम्बर को पश्चिमी कनाडा और खासकर सस्कैचवान प्रान्त की मंडियों में पीली मटर का भाव फ्री ऑन बोर्ड आधार पर 6.50-6.75 डॉलर प्रति बुशेल, अधिकतम 3 प्रतिशत ब्लीच्ड दाने की उपस्थिति के साथ हरी मटर का दाम 10 डॉलर प्रति बुशेल तथा मापले मटर का मूल्य 9.50 डॉलर प्रति बुशेल पर स्थिर बना रहा।
ऐसी चर्चा हो रही है कि घरेलू बाजार में दलहन की कीमतों में आगे और गिरावट को रोकने के उद्देश्य से भारत में पीली मटर के आयात पर सीमा शुल्क लगाया जा सकता है ताकि विदेशों से इसके विशाल आयात पर अंकुश लग सके। फिलहाल 31 मार्च 2026 तक पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी गई है।
इस चर्चा का मटर के अंतर्राष्ट्रीय बाजार मूल्य पर गहरा असर पड़ रहा है। चीन में कनाडाई मटर पर पहले से ही 100 प्रतिशत का भारी-भरकम आयात शुल्क लगा हुआ है।
आमतौर पर कनाडाई मटर का भाव रूस-यूक्रेन की तुलना में ऊंचा रहता है मगर अब लगभग बराबर हो गया है। यदि भारत में सीमा शुल्क लागू हो गया तो कनाडा के मटर बाजार पर इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है।
चूंकि 2025-26 सीजन के दौरान कनाडा में मटर का उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है और इसके स्पष्ट संकेत भी मिल रहे हैं इसलिए अगर चीन तथा भारत का विशाल बाजार बंद हुआ तो उत्पादकों एवं निर्यातकों की समस्या बहुत बढ़ जाएगी।
कनाडा में पीली मटर का भाव पहले ही सीजन के सबसे निचले स्तर पर आ चुका है। इसमें और गिरावट आने पर उत्पादकों को घाटा होने लगेगा।
