कच्चे काजू के वैश्विक उत्पादन में 8-10 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान

09-Apr-2025 08:03 PM

हनोई। वियतनाम के एक अग्रणी उद्योग विश्लेषक के अनुसार वर्ष 2024 के मुकाबले 2025 के दौरान विश्व स्तर पर कच्चे (रॉ) काजू का उत्पादन 8-10 प्रतिशत तक बढ़ने के आसार हैं और इसलिए प्रोसेसर्स को इसकी खरीद में जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए।


एक कम्पनी के वरिष्ठ अधिकारी ने इससे सहमति जताते हुए कहा कि अफ्रीकी देश तंजानिया में पहले कच्चे काजू का निर्यात ऑफर मूल्य 2000-2050 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा था


लेकिन कम्पनी ने कीमत में नरमी आने का इंतजार किया और जब यह ऑफर मूल्य घटकर 1800 डॉलर प्रति टन के आसपास आ गया तब उसने काजू खरीदना शुरू किया।


इसके बाद वहां काजू का भाव घटने लगा और यह पहले 1600-1700 डॉलर प्रति टन और फिर 14 डॉलर प्रति टन पर आ गया। कुछ माल तो 1350 डॉलर प्रति टन के मूल्य स्तर पर भी उपलब्ध होने लगा।


इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि वहां उत्पादन में वृद्धि हुई है। अफ्रीका के इस महत्वपूर्ण उत्पादक देश में काजू का उत्पादन पिछले साल से ज्यादा होने का अनुमान है।


विश्लेषकों के मुताबिक तंजानिया में वर्ष 2022 के दौरान 2.70 लाख टन काजू का उत्पादन हुआ था  जो वर्ष 2023 में गिरकर 2.40 लाख टन पर आने के बाद 2024 में तेजी से उछलकर 4.40 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया।


एक अन्य समीक्षक के मुताबिक चालू वर्ष के दौरान विश्व स्तर पर काजू के एकल उत्पादन में 15-20 प्रतिशत तक का भारी इजाफा हो सकता है क्योंकि एक तो बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई और दूसरे, उपज दर भी 10 प्रतिशत तक बढ़ने की उम्मीद है। 


वियतनामी काजू संघ (विनाकास) के वाइस चेयरमैन के अनुसार काजू और सूखे मेवे के वैश्विक कारोबार में संलग्न अनेक विश्लेषक भी इस बार विश्व स्तर पर काजू के उत्पादन में 10-15 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होने का अनुमान व्यक्त कर रहे हैं। यदि यह अनुमान सही है तो वर्ष 2025 में कच्चे काजू का वैश्विक उत्पादन बढ़कर 60 लाख टन तक पहुंच सकता है।


लेकिन कम्बोडिया में काजू की उपज दर एवं पैदावार में गिरावट आने पर गंभीर चिंता व्यक्त की जा रही है। वहां हाल की जबरदस्त बारिश से काजू की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका है।


इसके अलावा भयंकर ठंड पड़ने एवं मौसम शुष्क रहने से फसल जम गई है। कम्बोडिया के काम्पोंग इलाके में काजू की खरीद 50 प्रतिशत फसल बर्बाद होने की सूचना मिल रही है।