कोच्चि में 23-26 फरवरी को इंटरनेशनल स्पाइस कांफ्रेंस का आयोजन
15-Jan-2026 09:36 PM
कोच्चि। मसाला नगरी के नाम से प्रसिद्ध केरल के सबसे प्रमुख व्यावसायिक केन्द्र- कोच्चि में ऑल इंडिया स्पाइसेज एक्सपोर्टर्स फोरम द्वारा 23 से 26 फरवरी 2026 के दौरान नौवां इंटरनेशनल स्पाइस कांफ्रेंस (आईएससी- 2026) का आयोजन किया जाएगा।
इस 4 दिवसीय कांफ्रेंस की थीम होगी- "स्पाइस 360- गेटिंग फ्यूचर रेडी।" इस मह्त्वपूर्ण, उपयोगी एवं लाभप्रद कांफ्रेंस में देश-विदेश से भारी संख्या में मसालों के जानकार, उत्पादक, व्यापारी, आयातक, निर्यातक, शोधकर्ता, इनोवेटर्स, नीति निर्माता तथा विश्लेषक-विशेषज्ञ भाग लेंगे और वैश्विक मसाला उद्योग के भविष्य पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
नीति आयोग के एक पूर्व सीईओ अमिताभ कान्त इस कांफ्रेंस का उद्घाटन करेंगे और मुख्य वक्ता होंगे। इसके अलावा कई अन्य महारथियों द्वारा भी इस चार दिवसीय कार्यक्रम में मसाला क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने आलेख रिपोर्ट एवं आंकड़े प्रस्तुत किए जाएंगे।
इसमें मसाला उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र में क्रियाशील छोटी-बड़ी फर्मों को एक नई दिशा मिलेगी। मसाला उत्पादकों को भी इस कार्यक्रम में उत्पादन बढ़ाने एवं क्वालिटी सुधारने के सटीक तौर-तरीके बताये जाएंगे।
भारत दुनिया में मसालों का सबसे प्रमुख उत्पादक, उपभोक्ता एवं निर्यातक देश है। यहां से दुनिया के 100 से ज्यादा देशों को 80 से अधिक किस्मों के साबुत मसालों एवं मसाला उत्पादों का निर्यात किया जाता है।
केरल, कर्नाटक, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु तथा मध्य प्रदेश मसालों के प्रमुख उत्पादक राज्य हैं। केरल को मसाला प्रदेश भी कहा जाता है। वह सदियों से वैश्विक मसाला व्यापार का केन्द्र बना हुआ है।
