कलबुर्गी जिले में 9.17 लाख हेक्टेयर में खरीफ फसलों की खेती का लक्ष्य

24-May-2025 01:57 PM

कलबुर्गी (गुलबर्गा)। दक्षिण भारत के एक महत्वपूर्ण कृषि उत्पादक राज्य- कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में इस वर्ष कृषि विभाग ने कुल 9.17 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की खेती किया है जो पिछले खरीफ सीजन के कुल बिजाई क्षेत्र से करीब 51 हजार हेक्टेयर ज्यादा है। उल्लेखनीय है कि कर्नाटक तुवर का अग्रणी उत्पादक राज्य है जबकि वहां इसकी सबसे ज्यादा खेती कलबुर्गी जिले में ही होती है। 

संयुक्त कृषि निदेशक के कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कलबुर्गी जिले के अलंद ताल्लुक में सर्वाधिक 1,57,459 हेक्टेयर में खरीफ फसलों की बिजाई का लक्ष्य रखा गया है जबकि शाहबाद ताल्लुक में सबसे कम महज 15,566 हेक्टेयर में खेती का लक्ष्य नियत किया गया है।

खरीफ फसलों की बिजाई का लक्ष्य अफजलपुर में 1,09,590 हेक्टेयर, कलबुर्गी ताल्लुक में 98,308 हेक्टेयर जेवरगी ताल्लुक में 96,905 हेक्टेयर,

चित्तापुर ताल्लुक में 89,125 हेक्टेयर, सेडम ताल्लुक में 84,876 हेक्टेयर तथा चिंचोली ताल्लुक में 83,500 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। इसके अलावा यद्रामि में करीब 67 हजार हेक्टेयर, कुलागी में लगभग 61 हजार हेक्टेयर और कमलापुर में 54 हजार हेक्टेयर में बिजाई का लक्ष्य रखा गया है। 

उल्लेखनीय है कि कलबुर्गी जिले में अनाजी फसलों की बिजाई का लक्ष्य एक बार फिर पिछले साल के 12,620 हेक्टेयर से घटाकर 11,753 हेक्टेयर नियत किया गया है जबकि उससे पूर्व में कम से कम पांच खरीफ सीजन में अनाजी फसलों का उत्पादन क्षेत्र 30 हजार हेक्टेयर के आसपास चल रहा था। 

पिछले खरीफ सीजन के दौरान कलबुर्गी जिले में दलहन फसलों के बिजाई क्षेत्र का लक्ष्य 6,69,207 हेक्टेयर नियत किया गया था जिसे चालू वर्ष के लिए बढ़ाकर 7.10 लाख हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। लेकिन तिलहन फसलों की बिजाई का लक्ष्य 52,749 हेक्टेयर से घटाकर 39,796 हेक्टेयर नियत किया गया है।