कलौंजी का भाव 250 के पार
09-Oct-2025 06:52 PM
आई ग्रेन इंडिया की भविष्यवाणी सत्य
नई दिल्ली। वर्तमान में कलौंजी के भाव तेजी के साथ बोले जा रहे हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए अभी भी धारणा तेजी की बनी हुई है। कमजोर सप्लाई एवं बढ़ती मांग के कारण चालू माह के दौरान कलौंजी के दामों में 15/20 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि नई फसल की आवक के समय ही आई ग्रेन इंडिया ने अपने पाठकों को सुझाव दिया था कि वर्ष 2025 के दौरान कलौंजी के भाव तेज रहेंगे। तत्पश्चात समय-समय से पाठकों को सलाह दी गई कि इस वर्ष कलौंजी के भाव 230/250 रुपए का स्तर छू सकते हैं। वर्तमान में उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर कलौंजी के भाव 225/235 रुपए प्रति किलो के स्तर पर बोले जाने लगे हैं। जबकि दिल्ली बाजार के भाव 250 रुपए का स्तर पार कर 255/260 रुपए पर बोला जाने लगा है। सूत्रों का मानना है कि अभी नई फसल आने में लगभग 6 माह का समय शेष है अतः हो सकता है नई फसल आने से पूर्व कलौंजी का भाव 2014 का स्तर छू जाएगा। वर्ष 2014 के दौरान कलौंजी का भाव 290/300 रुपए बन गया था।
उत्पादन एवं खपत
कलौंजी का उत्पादन मुख्यतः गुजरात, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में होता है। चालू सीजन के दौरान हालांकि गुजरात में कलौंजी का उत्पादन अधिक रहा लेकिन मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में कम रहने के कारण कुल उत्पादन लगभग गत वर्ष के बराबर माना गया। सूत्रों का मानना है कि चालू सीजन के दौरान देश में कलौंजी का उत्पादन 2.50/2.75 लाख क्विंटल के आसपास माना गया था वर्ष 2024 में भी पैदावार लगभग इतनी ही थी जबकि वर्ष 2023 में उत्पादन 3.5/4 लाख क्विंटल का रहा था। हालांकि उत्पादन गत वर्ष के बराबर रहा लेकिन बकाया स्टॉक कम रहा। सूत्रों का कहना है कि गत वर्ष नई फसल की आवक के समय बकाया स्टॉक 1.25/1.50 लाख क्विंटल का था जोकि चालू सीजन में 30/40 हजार बोरी का माना गया था। पैदावार एवं बकाया स्टॉक को मिलाकर कलौंजी की कुल उपलब्धता 3/3.25 लाख क्विंटल की रहती है जबकि सालाना खपत 3.50/4 लाख क्विंटल की मानी जा रही है। अतः आगामी दिनों में भी कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है।
आवक
कुल उत्पादन का लगभग 70/80 प्रतिशत माल मंडियों में आ जाने के कारण वर्तमान में मंडियों में कलौंजी की आवक काफी कम रह गई है। गुजरात की गोंडल मंडी में कलौंजी की नीलामी सप्ताह में तीन बार कर दी गई है और साप्ताहिक आवक 250/300 बोरी की रह गई है। जबकि नीमच मंडी में आवक 400/500 बोरी की हो रही है। वर्तमान में नीमच मंडी में कलौंजी का क्वालिटीनुसार भाव 205/235 रुपए प्रति किलो बोला जा रहा है जबकि गोंडल मंडी में भाव 205/225 बोला गया। उल्लेखनीय है कि चालू सीजन के शुरू में गोंडल मंडी में कलौंजी का भाव 160/185 रुपए एवं आवक 2500 बोरी की हो रही थी। जबकि मध्य प्रदेश की नीमच मंडी में अप्रैल माह के दौरान भाव 165/188 रुपए चल रहा था और आवक 1000/1200 बोरी की हो रही थी।
