कनाडा में अधिकांश दलहनों का उत्पादन बढ़ने से कीमतों में सीमित तेजी-मंदी

18-Dec-2024 06:06 PM

वैंकुवर । चालू वर्ष के दौरान कनाडा में दलहनों का बाजार काफी हद तक शांत रहा है और वर्षांत में भी इसमें ज्यादा तेजी-मंदी आने की संभावना नहीं है। वस्तुत: वर्ष 2024 के मध्य से ही कारोबार एवं भाव एक निश्चित सीमा में स्थिर देखा जा रहा है।

सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन के अनुसार वर्ष 2023 की तुलना में 2024 के दौरान कनाडा में मटर, मसूर एवं काबुली चना के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई।

मटर का उत्पादन 26.10 लाख टन से बढ़कर 30 लाख टन के करीब पहुंच गया और मसूर का उत्पादन 18 लाख टन से उछलकर 24.30 लाख टन पर पहुंचा।

इसके अलावा सूखी बीन्स की पैदावार 3,39,315 टन से सुधरकर 4,24,141 टन और काबुली चना की पैदावार 1,59,100 टन से बढ़कर 2,86,768 टन पर पहुंच गई। 

पश्चिमी कनाडा की मंडियों में लेयर्ड मसूर का भाव नीचे में 29.00 से 46.50 सेंट प्रति पौंड तथा ऊपर में 73.50 से 82 सेंट प्रति पौंड के बीच दर्ज किया गया।

16 दिसम्बर 2024 को इसका दाम विभिन्न क्षेत्रों में क्वालिटी के आधार पर 39 से 63 सेंट प्रति पौंड के बीच दर्ज किया गया। एस्टोन मसूर का दाम 23.00-39.50 सेंट प्रति पौंड के निचले स्तर से लेकर 64.50-80.00 सेंट प्रति पौंड के शीर्ष स्तर के बीच घूमता रहा जबकि रिचली मसूर का भाव 34 से 55 सेंट प्रति पौंड रहा।

इसके अलावा क्रिमसन मसूर का मूल्य नीचे में 19-27 सेंट प्रति पौंड तथा ऊपर में 31 से 40 सेंट प्रति पौंड के बीच दर्ज किया गया। 16 दिसम्बर को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान इसकी कीमतों में मिश्रित रुख देखा गया।

वहीं इसमें 0.5 सेंट की गिरावट आई तो कहीं 0.3 सेंट तक की वृद्धि दर्ज की गई। इसके फलस्वरूप कीमतों का स्तर 23.5 से 33.8 सेंट प्रति पौंड के बीच रहा। 

वर्ष 2024 की अवधि के दौरान फ्रेंच हरी मसूर का भाव गिरकर 40.5 सेंट प्रति पौंड पर आ गया जबकि ऊपर में यह 60 सेंट प्रति पौंड तक पहुंचा था।

वर्तमान समय में यह 11 सेंट की वृद्धि के साथ 55.50 से 58 सेंट प्रति पौंड के बीच चल रहा है। काबुली चना का दाम भी नीचे में 21.8 सेंट प्रति पौंड से लेकर ऊपर में 57.8 सेंट प्रति पौंड के बीच दर्ज किया गया।