कनाडा में काबुली चना की कटाई जारी

11-Sep-2025 09:30 PM

विनीपेग। कनाडा में दलहन फसलों के संवर्ग में मटर तथा मसूर की तुलना में काबुली चना फसल की कटाई- देर से शुरू होती है और इसकी शुरूआती रफ्तार भी धीमी रहती है।

पिछले सप्ताह तक मटर-मसूर की औसतन 60-70 प्रतिशत फसल की कटाई हो चुकी थी जबकि काबुली चना की कटाई सस्कैचवान प्रान्त में 8 प्रतिशत और अल्बर्टा प्रान्त में 17 प्रतिशत तक ही पहुंच सकी थी।

अब मौसम साफ होने से कटाई-तैयारी की रफ्तार तेज होने की उम्मीद है। यद्यपि पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के दौरान वहां काबुली चना के बिजाई क्षेत्र में बढ़ोत्तरी हुई और अनुकूल मौसम के कारण फसल की उपज दर भी सामान्य औसत से ऊंची  रहने के संकेत मिल रहे हैं लेकिन क्वालिटी की समस्या बनी हुई है।

खराब मौसम के कारण जिन इलाकों में फसल की कटाई-तैयारी में देर हो गई वहां चना की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। फसल की पूरी कटाई के बाद ही इसकी वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।  

हालांकि इस बार काबुली चना की उपज दर 40 बुशेल प्रति एकड़ तक के उच्च स्तर पर पहुंचने की चर्चा हो रही है मगर यह कहीं-कहीं ही संभव हो सकती है। यह अफवाह है या सच्चाई-इसका पता चालू माह के अंत तक लग जाएगा।

बड़े दाने वाले नंबर 2 ग्रेड के काबुली चना का भाव पिछले कई सप्ताहों से 30-32 सेंट प्रति पौंड के आसपास चल रहा है जिसमें 7 मि०मी० वाले दाने का अधिकतम अंश 10 प्रतिशत तथा 9 मि०मी० आकार वाले दाने का न्यूनतम अंश 20 प्रतिशत होना आवश्यक है।

इस कमजोर मूल्य स्तर पर भी काबुली चना का जोरदार कारोबार नहीं हो रहा है क्योंकि अन्य उत्पादक देशों में इसका पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। आयातक देशों में मांग कमजोर देखी जा रही है।