कनाडा में काबुली चना की उपज दर एवं पैदावार का अलग-अलग अनुमान
18-Sep-2025 04:53 PM
वैंकुवर। कनाडा में काबुली चना की नई फसल की कटाई-तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है और इसकी औसत उपज दर तथा सकल पैदावार का भिन्न-भिन्न आंकड़ा (अनुमान)सामने आ रहा है।
सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन ने चना की उपज दर 21.5 बुशेल प्रति एकड़ रहने की आरंभिक संभावना व्यक्त की थी लेकिन एक विश्लेषक ने औसत उत्पादकता दर 24 बुशेल प्रति एकड़ रहने का अनुमान लगाया है जिसके आधार पर कनाडा में काबुली चना का कुल उत्पादन 3.45 लाख टन बैठता है।
एक अन्य समीक्षक का कहना है कि दक्षिण सस्कैचवान एवं अल्बर्टा प्रान्त के कुछ भागों में पहले प्रतिकूल मौसम से काबुली चना की फसल को खतरा उत्पन्न हो गया था लेकिन मध्य-जून के बाद इसके विकास में नाटकीय परिवर्तन हो गया और अधिकांश इलाकों में दूसरी नई फसल की उत्पत्ति हो गई।
इससे उपज दर में संकट ग्रस्त क्षेत्रों में 7 से 10 बुशेल प्रति एकड़ और अन्य इलाकों में कम से कम 10 बुशेल प्रति एकड़ का इजाफा होने की उम्मीद है।
इस तरफ अनेक विश्लेषकों ने ध्यान नहीं दिया। इस समीक्षक का मानना है कि कनाडा में चालू वर्ष के दौरान काबुली चना का कुल उत्पादन तेजी से उछलकर 4.75-5.00 लाख टन से सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच सकता है।
जहां तक काबुली चना की क्वालिटी का सवाल है तो इस बार वह सामान्य रहने की उम्मीद है मगर पिछले चार वर्षों की तुलना में कम अच्छी रहेगी।
एक विश्लेषक ने पिछले बकाया स्टॉक के साथ कनाडा में 2025-26 सीजन के दौरान काबुली चना की उपलब्धता 4.80 लाख टन होने का अनुमान लगाया है जबकि दूसरे समीक्षक का उत्पादन आंकड़ा ही इसके समतुल्य हैं। विश्लेषक ने कहा था कि उसके कुल स्टॉक का अनुमान नीचे स्तर का है और इसमें आगे सुधार हो सकता है।
विश्लेषक के मुताबिक 2025-26 के मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान कनाडा से करीब 2.35 लाख टन काबुली चना का निर्यात हो सकता है जो एक नया रिकॉर्ड होगा। इसका भाव नीचे स्तर का है और आगे भी कीमत पर दबाव बरकरार रह सकता है।
