कनाडा में कैनोला का भाव घटने का चीन ने फायदा उठाया
07-May-2025 05:44 PM
विनीपेग। हालांकि चीनी की संघीय सरकार ने 7 मार्च 2025 को कनाडा के कैनोला के मूल्य संवर्धित उत्पादों- कैनोला तेल एवं कैनोला मील के आयात पर 100 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगाने की घोषणा की थी लेकिन यह निर्णय 7 मार्च के बाद होने वाले अनुबंधों पर मान्य हुआ। चीन के आयातकों को पहले से इसकी भनक लग गई
और उधर कनाडा के निर्यातकों ने भी ऑफर मूल्य घटा दिया। इसके फलस्वरूप चीन के आयातकों ने अनुकूल अवसर का फायदा उठाकर मार्च में कनाडा से 4.71 लाख टन कैनोला का आयात कर लिया। इसके साथ ही चालू वर्ष की पहली तिमाही में वहां इसका कुल आयात बढ़कर 10.26 लाख टन पर पहुंच गया।
चीन में फरवरी 2025 के दौरान कनाडा से केवल 1,61,645 टन कैनोला मंगाया गया था क्योंकि वहां कैनोला तेल एवं कैनोला मील का भी अच्छा आयात हुआ था मगर मार्च में तेल एवं मील का आयात घटकर साबुत कैनोला का आयात बढ़ाने का प्रयास किया गया
जिससे इसकी मांग बढ़कर 4,71,757 टन पर पहुंच गई। अक्टूबर 2024 के बाद मार्च 2025 के दौरान चीन में कनाडाई कैनोला का सर्वाधिक आयात हुआ जो मार्च 2024 के आयात 4,49,074 टन से भी ज्यादा रहा।
जनवरी-मार्च 2025 की तिमाही के दौरान कनाडा से चीन को कैनोला का सर्वाधिक 10.20 लाख टन का निर्यात हुआ जबकि जापान दूसरे नम्बर पर रहा जहां 4.79 लाख टन का शिपमेंट किया गया।
इसके बाद मैक्सिको को 2.51 लाख टन का निर्यात हुआ। समझा जाता है कि जब 5 जून को अप्रैल का आंकड़ा जारी किया जाएगा तब उसमें कुछ बदलाव हो सकता है।
अमरीकी कृषि विभाग ने अपनी अप्रैल की मासिक रिपोर्ट में अंततः यह स्वीकार किया कि कनाडा से चीन को कैनोला का भारी निर्यात हुआ। उसने पहले 2024-25 सीजन के दौरान चीन में कनाडा से 30 लाख टन कैनोला का आयात होने का अनुमान लगाया था जिसे अप्रैल की रिपोर्ट में 10 लाख टन बढ़ाकर 40 लाख टन निर्धारित कर दिया
लेकिन फिर भी यह आंकड़ा 2023-24 सीजन के कुल निर्यात 54.86 लाख टन से काफी कम है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2024 से मार्च 2025 के आठ महीनों में कनाडा से चीन को कुल 37.13 लाख टन कैनोला का निर्यात किया गया
इसलिए अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने पूरे मार्केटिंग सीजन में चीन को कुल 40 लाख टन के शिपमेंट का जो अनुमान लगाया है वह भी वास्तविकता से काफी कम प्रतीत होता है।
