कनाडा में मटर के बकाया स्टॉक एवं उत्पादन में भारी बढ़ोत्तरी से बाजार नरम

16-Sep-2025 03:47 PM

सस्काटून। कनाडा में मटर का अच्छा खासा पिछला बकाया स्टॉक मौजूद है जबकि 2025-26 के मौजूदा सीजन में उत्पादन बेहतर होने के आसार हैं। इससे वहां आपूर्ति एवं उपलब्ध में भारी वृद्धि होगी और इसके अनुरूप निर्यात नहीं बढ़ने के कारण मार्केटिंग सीजन के अंत में वहां मटर का विशाल अधिशेष स्टॉक मौजूद रह सकता है।

निर्यात के लिए तो कनाडा में मटर का भारी-भरकम स्टॉक मौजूद रहेगा मगर वैश्विक बाजार की हालत ज्यादा अनुकूल नहीं होने से उसे शिपमेंट बढ़ाने में कठिनाई होगी। 

कनाडा के कई भागों में इस बार मटर की औसत उपज दर बहुत ऊंची रही है जिससे किसान तथा व्यापार विश्लेषक भी हैरान है। मटर के बिजाई क्षेत्र में इजाफा हुआ था और अब उपज दर में भारी वृद्धि देखी जा रही है।

शानदार उत्पादन की संभावना को देखते हुए सस्कैचवान एवं अल्बर्टा जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में मटर की कीमतों पर भारी दबाव पड़ रहा है। समीक्षकों के अनुसार प्रेयरी संभाग की अनाज पट्टी के मध्यवर्ती एवं उत्तरी क्षेत्र में लेट सीजन की वर्षा होने तथा ग्रीष्मकाल में मौसम सामान्य रहने से मटर की फसल का विकास बहुत अच्छे ढंग से हुआ। प्रगति के चरण में अक्सर फसल की रेटिंग घट जाती है मगर इस बार इसमें सुधार का सिलसिला बना रहा।

उल्लेखनीय है कि सरकारी एजेंसी- स्टैट्स कैन ने पहले मटर की औसत उपज दर 36.6 बुशेल प्रति एकड़ रहने का अनुमान लगाया था लेकिन विश्लेषकों का कहना है कि यह काफी छोटा अनुमान है।

मटर की औसत उपज दर कम से कम 40 बुशेल प्रति एकड़ या उससे ऊपर रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में उत्पादकों का कहना है कि मटर की उपज दर नीचे में 40 बुशेल से लेकर ऊपर में 60 बुशेल प्रति एकड़ तक प्राप्त हुई है।

इसके आधार पर कनाडा में 2025-26 के मौजूदा  मार्केटिंग सीजन के दौरान 30 लाख टन पीली मटर, 5.50 लाख टन हरी मटर एवं 2 लाख टन अन्य श्रेणी की मटर का उत्पादन बैठता है।

इसके अलावा 2024-25 के सीजन से 5.44 लाख टन मटर का अधिशेष स्टॉक भी बचा हुआ था। नवम्बर 2024 से ही मटर का निर्यात प्रदर्शन कमजोर पड़ने के कारण बकाया स्टॉक ऊंचा हो गया।

कनाडा में 2025-26 के मार्केटिंग सीजन में मटर की कुल उपलब्धता 40 लाख टन से ज्यादा रह सकती है जबकि इसका निर्यात 22 लाख टन के आसपास होने की संभावना है। 

एक विश्लेषक के अनुसार यदि चीन कनाडाई मटर पर लागू 100 प्रतिशत के आयात शुल्क को हटा देता है और भारत में मटर पर सीमा शुल्क लगाने का निर्णय नहीं लिया जाता है तब कनाडा से 2025-26 के सीजन में 22 लाख टन तक मटर का निर्यात पहुंच सकता है।