कनाडा में मटर का उत्पादन 13.7 प्रतिशत बढ़कर 34 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान
12-Sep-2025 11:49 AM
वैंकुवर। कनाडा में इस वर्ष बिजाई क्षेत्र में वृद्धि होने तथा उपज दर में सुधार आने से मटर का उत्पादन तो बढ़ने की उम्मीद है लेकिन इसके निर्यात की स्थिति अनिश्चित बनी हुई है।
इसका असर कीमतों पर देखा जा रहा है जिसमें हाल के सप्ताहों में भारी गिरावट आ गई है। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में रूस-यूक्रेन की जबरदस्त चुनौती भी बरकरार है।
सरकारी एजेंसी-स्टैटिस्टिक्स कनाडा (स्टैट्स कैन) ने मटर का घरेलू उत्पादन पिछले साल की तुलना में इस वर्ष 13.7 प्रतिशत बढ़कर 34 लाख टन पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है। इसमें पीली मटर के उत्पादन की भागीदारी करीब 17 प्रतिशत बढ़कर 28 लाख टन के आसपास तथा हरी मटर के उत्पादन की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत उछलकर 7 लाख टन के करीब पहुंचने का अनुमान है।
पिछले बकाया स्टॉक के साथ कनाडा में 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन में मटर की कुल उपलब्धता बढ़कर 2020-21 सीजन के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचने की उम्मीद है। कनाडा में मटर की नई फसल की कटाई-तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है।
व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि यद्यपि आमतौर पर उत्पादन में बढ़ोत्तरी होने से कीमतों पर दबाव पड़ना स्वाभाविक है मगर इस बार कनाडा के मटर उत्पादकों एवं निर्यातकों को कुल ज्यादा कठिन चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
इसकी वैश्विक मांग न केवल कमजोर है बल्कि अनिश्चित भी बनी हुई है। एशियाई बाजारों पर रूस की मटर का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है जबकि यूरोप में यूक्रेन की सस्ती मटर पहुंच रही है।
हालांकि कनाडा में पीली मटर का निर्यात ऑफर मूल्य घटकर रूस तथा यूक्रेन के समकक्ष आ गया है मगर फिर भी उसकी मांग नहीं बढ़ रही है।
चीन पिछले सात साल से कनाडाई मटर का सबसे बड़ा बाजार बना हुआ था मगर अब वहां इसका आयात लगभग बंद हो गया है। चीन ने कनाडाई मटर पर 100 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा रखा है।
भारत की स्थिति भी अनिश्चित बनी हुई है। कृषि मंत्री इस पर आयात शुल्क लगाने के पक्ष में हैं। अन्य एशियाई देशों में कनाडा से सीमित मात्रा में मटर का आयात हो सकता है लेकिन इससे विशाल स्टॉक का निपटारा कठिन है।
