कनाडा में सीमित स्टॉक तथा आयातकों की अच्छी मांग से ऑस्ट्रेलियाई मसूर का भाव मजबूत
01-May-2024 02:25 PM
ब्रिसबेन । ऑस्ट्रेलिया में आदर्श समय के सापेक्ष मसूर की बिजाई आगे चल रही है और इसका क्षेत्रफल गत वर्ष के आसपास और कहीं-कहीं ऊपर पहुंच गया है। बिजाई की प्रक्रिया अभी जारी रहेगी मगर वास्तविक उत्पादन आगामी महीनों के दौरान होने वाली बारिश पर निर्भर करेगा।
कनाडा की भांति ऑस्ट्रेलिया में भी मसूर का स्टॉक लगातार घटता जा रहा है इसलिए गत माह बल्क एवं कंटेनरों में इसके तात्कालिक निर्यात के लिए भाव मजबूत हो गया।
बंदरगाह तक तात्कालिक बल्क डिलीवरी के लिए निप्पर किस्म की मसूर फिलहाल 940 डॉलर प्रति टन के आसपास पहुंच गया है जो अप्रैल के आरंभ में प्रचलित मूल्य से करीब 80 डॉलर ज्यादा है।
ज्ञात हो कि अप्रैल की शुरुआत में मोटी हॉल मार्क किस्म की मसूर का भाव 850 डॉलर प्रति टन चल रहा था। साउथ ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में मसूर की अगली फसल के लिए भाव 830-840 डॉलर प्रति टन के बीच स्थिर बना हुआ है।
समीक्षकों के अनुसार मौजूदा फसल का भाव अगली नई फसल के दाम से काफी ऊंचा होने से स्पष्ट संकेत मिलता है कि मसूर का स्टॉक काफी घट गया है जबकि इसकी निर्यात मांग मजबूत बनी हुई है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार भारत में नई फसल की कटाई-तैयारी हो रही है मगर पैदावार उम्मीद से कम होने की संभावना है। उधर कनाडा में स्टॉक खाली होता जा रहा है। आगामी समय में ऑस्ट्रेलियाई मसूर की मांग कुछ और बढ़ने के आसार हैं।
पिछले पांच महीनों के दौरान मसूर का भाव 850 डॉलर से नीचे नहीं आया है और अधिकांशतः 850-900 डॉलर प्रति टन के बीच ही रहा। अगली नई फसल के आने तक मसूर का स्टॉक बहुत कम रह जाएगा।
दक्षिण एशिया में शिपमेंट के लिए अभी ऑस्ट्रेलियाई बंदरगाहों पर ज्यादा भीड़-भाड़ नहीं है और मसूर का दाम प्रतिस्पर्धी स्तर पर चल रहा है।
