कनाडा में थोड़े-बहुत कारोबार से मटर के दाम में सुधार
09-Oct-2025 06:02 PM
रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मटर का भाव अपने निचले स्तर से कुछ ऊंचा उठा है मगर यह ज्यादा नहीं है। दरअसल कनाडा के मटर उत्पादकों एवं निर्यातकों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
चीन में कनाडाई मटर के आयात पर भारी-भरकम सीमा शुल्क लगा हुआ है और भारत में पीली मटर के आयात पर अंकुश लगाने की मांग तेज होती जा रही है।
सरकार के लिए इस चौतरफा दबाव को लम्बे समय तक झेलना शायद संभव नहीं होगा। अगर भारत में आयात पर विराम लगा तो कनाडा को भारी नुकसान हो सकता है क्योंकि वैसी स्थिति में दोनों प्रमुख बाजार-भारत और चीन का द्वार उसके लिए बंद हो जाएगा।
उधर रूस में मटर का शानदार उत्पादन हुआ है और वह अपने विशाल स्टॉक के निर्यात संवर्धन के लिए आक्रामक नीति अपना रहा है। इससे कनाडा को अपनी मटर का दाम घटाने के लिए विवश होना पड़ सकता है।
कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में पीली मटर का भाव सुधरकर 7.00-7.50 डॉलर प्रति बुशेल पर पहुंच गया है। 7.50 डॉलर का भाव दक्षिण-पूर्वी सस्कैचवान में वर्ष 2026 की डिलीवरी के लिए बोला जा रहा है।
इसी तरह हरी मटर का दाम कुछ सुधरकर अब 10.50-11.00 डॉलर प्रति बुशेल तथा मापले मटर का दाम 10 से 12 डॉलर प्रति बुशेल के बीच पहुंच गया है।
कनाडा में मटर फसल की कटाई-तैयारी पहले ही समाप्त हो चुकी है और सम्पूर्ण उत्पाद किसानों के पास पहुंच चुका है। इस बार उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है
मगर खरीदारों की सक्रियता देखी जा रही है। विदेशी आयातक केवल उत्साहवर्धक जरूरतों को पूरा करने के लिए ही मटर की सीमित खरीद कर रहे हैं।
