कनाडा में विभिन्न जिसों के स्टॉक में कमी-वृद्धि

10-Sep-2025 03:38 PM

ओटावा। गेहूं, कैनोला, मसूर एवं मटर के एक अग्रणी उत्पादक तथा निर्यातक देश- कनाडा में अब नई फसलों की कटाई-तैयारी जोरदार ढंग से होने लगी है और 2025-26 का नया मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) भी आरंभ हो गया है।

सरकारी एजेंसी- स्टैटिस्टिक्स कनाडा (स्टैट्स कैन) की रिपोर्ट के अनुसार 2023-24 सीजन के अंत की तुलना में 2024-25 के मार्केटिंग सीजन की समाप्ति पर यानी जुलाई 2024 के मुकाबले 31 जुलाई 2025 को कनाडा में जौ का बकाया स्टॉक 11.50 लाख टन से बढ़कर 12.50 लाख टन, मसूर का स्टॉक 1.70 लाख टन से उछलकर 5.50 लाख टन, मटर का स्टॉक 3 लाख टन से बढ़कर 4.90 लाख टन तथा राई का स्टॉक 90 हजार टन से सुधरकर 1.40 लाख टन पर पहुंच गया। 

दूसरी ओर इसी अवधि के दौरान कनाडा में कैनोला का स्टॉक 32.30 लाख टन से लुढ़ककर 16 लाख टन, अलसी का स्टॉक 1.60 लाख टन से फिसलकर 1.30 लाख टन, जई का स्टॉक 6.70 लाख टन से घटकर 5.10 लाख टन तथा गेहूं का स्टॉक 52.80 लाख टन से गिरकर 41.10 लाख टन पर अटक गया। इसके तहत ड्यूरम गेहूं का स्टॉक 6.70 लाख टन से गिरकर 5 लाख टन तथा अन्य श्रेणी के गेहूं का स्टॉक 46.10 लाख टन से घटकर 36.20 लाख टन रह गया। 

उपरोक्त आंकड़ों के अवलोकन-विश्लेषण से पता चलता है कि अगस्त 2025 में नया मार्केटिंग सीजन शुरू होने के समय कनाडा में जौ तथा राई के साथ-साथ मसूर एवं मटर का भी अच्छा-खासा स्टॉक मौजूद था जबकि वहां चालू सीजन के दौरान दलहन फसलों का उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है। इसके फलस्वरूप आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति काफी सुगम बनी हुई है

और कीमतों पर दबाव देखा जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है जबकि रूस में मटर का उत्पादन कनाडा से काफी ज्यादा यानी करीब 45 लाख टन होने का अनुमान है। इससे मटर एवं मसूर के वैश्विक निर्यात बाजार में तीव्र प्रतिस्पर्धा जारी रहने की संभावना है।