कनाडा से काबुली चना का 1.65 लाख टन पर अटकने की संभावना

22-May-2025 08:33 PM

टोरंटो। कनाडा के कृषि मंत्रालय ने 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अगस्त-जुलाई) के दौरान देश से काबुली चना का निर्यात 2023-24 सीजन के मुकाबले कुछ घटकर 1.65 लाख टन पर अटकने का अनुमान लगाया है क्योंकि अमरीका और तुर्की से निर्यात घटने की संभावना है जबकि ये दोनों कनाडाई चना के सबसे प्रमुख बाजार हैं।

चूंकि आपूर्ति एवं उपलब्धता में बढ़ोत्तरी के अनुरूप निर्यात  में इजाफा नहीं होगा इसलिए मार्केटिंग सीजन के अंत में वहां काबुली चना का बकाया अधिशेष स्टॉक तेजी से बढ़ने के आसार हैं।

वैश्विक निर्यात मांग कमजोर रहने से चालू मार्केटिंग सीजन में इसका औसत मूल्य काफी घटकर 765 डॉलर प्रति टन पर आ जाने का अनुमान है। 

2025-26 के सीजन के लिए कनाडा में चना की बिजाई आरंभ हो चुकी है लेकिन 2024-25 की तुलना में इसका क्षेत्रफल कुछ घटने की संभावना है क्योंकि अन्य फसलों की तुलना में काबुली चना की खेती से किसानों को कम आमदनी प्राप्त होने की आशंका है।

राज्य वार आंकलन करने से पता चलता है कि विगत वर्षों की भांति एक बार फिर काबुली चना की सर्वाधिक खेती सस्कैचवान में होने वाली है जबकि अल्बर्टा प्रान्त में भी इसकी खेत होगी। 

2024-25 सीजन के मुकाबले 2025-26 सीजन के दौरान कनाडा में चना का कुल उत्पादन 8 प्रतिशत घटकर 2.65 लाख टन रह जाने की संभावना है क्योंकि इसकी औसत उपज दर में भी गिरावट आने का अनुमान है।

लेकिन ऊंचे बकाया स्टॉक के कारण सीजन के दौरान कुल उपलब्धता में 16 प्रतिशत की भारी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।

इसके फलस्वरूप वहां निर्यात योग्य स्टॉक एवं शिपमेंट में इजाफा होगा और फिर भी बकाया अधिशेष स्टॉक बच जाएगा। सीजन के दौरान काबुली चना का औसत मूल्य कुछ घटकर 750 डॉलर प्रति टन रह सकता है।