मोजाम्बिक के कृषि एवं बागवानी उत्पादन में शानदार बढ़ोत्तरी
09-Apr-2026 08:40 PM
मापुतो। अफ्रीकी देश- मोजाम्बिक में 2024-25 सीजन के दौरान कृषि एवं बागवानी फसलों का कुल उत्पादन बढ़कर 35.22 करोड़ टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया जो 2023-24 सीजन के कुल उत्पादन 30.45 करोड़ टन से 15.7 प्रतिशत अधिक रहा। बिजाई क्षेत्र में वृद्धि होने तथा मौसम की हालत अनुकूल रहने से उत्पादन में शानदार इजाफा हुआ। अल नीनो न्यूट्रल बना रहा।
मोजाम्बिक के कृषि मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस कल उत्पादन में बागवानी फसलों की भागीदारी 11.27 करोड़ टन रही। इसके उत्पादन में 39.3 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इसी तरह अनाजी फसलों का कुल उत्पादन करीब 20 प्रतिशत बढ़कर 5.70 करोड़ टन पर पहुंचा।
इसी तरह सूखे मेवों एवं अन्य फलियों के उत्पादन में 37 प्रतिशत का भारी इजाफा हुआ। इसके तहत खासकर काजू का उत्पादन बढ़कर 1.95 लाख टन पर पहुंच गया। इसी तरह गन्ना की पैदावार 2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 18 लाख टन पर पहुंची। वर्ष 2025 में कृषि एवं बागवानी क्षेत्र का प्रदर्शन तो उत्साहवर्धक रहा लेकिन वर्ष 2026 में स्थिति उतनी बेहतर नहीं रहेगी।
इस वर्ष जनवरी माह के दौरान मोजाम्बिक में भयंकर बाढ़ आ गई जिससे खासकर दक्षिणी भाग में फसलों को भारी नुकसान हुआ। सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस बाढ़ से करीब 4.41 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं इसमें से 2.75 लाख हेक्टेयर से कुछ अधिक क्षेत्र में फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई जिससे 3.15 लाख किसान परिवारों की आजीविका संकट में फंस गई।
