कनाडा से लाल मसूर के निर्यात में अच्छी वृद्धि

04-May-2026 05:09 PM

सस्काटून। अप्रैल के अंतिम सप्ताह के दौरान अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लाल मसूर की मांग बेहतर रहने से कारोबार में प्रगति तथा कीमतों में मजबूती देखी गई। समझा जाता है कि प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों को अपनी जरूरत के लायक माल प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है क्योंकि उत्पादन नीचे दाम पर अपना स्टॉक बेचने के लिए तैयार नहीं हैं।

कनाडा से पिछले सप्ताह मुख्यत: लाल मसूर का बल्क निर्यात हुआ और इसका शिपमेंट वर्तमान मार्केटिंग सीजन के आरंभ से ही बेहतर देखा जा रहा है। जनवरी से अप्रैल 2026 के चार महीनों में भी निर्यात प्रदर्शन अच्छा रहा। अप्रैल 2026 में कनाडा से मसूर का निर्यात वर्ष 2021 के बाद इस माह का दूसरा सबसे ऊंचा स्तर माना जा रहा है।

इसी तरह अप्रैल में बड़े दाने वाले काबुली चना के निर्यात में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। इससे कीमतों में मजबूती आई और इसका भाव छोटे दाने या फिर सैम्पल / पशु आहार ग्रेड वाले चना के दाम से काफी ऊपर पहुंच गया। दोनों श्रेणियों के बीच मूल्यान्तर बढ़ने का प्रमुख कारण इसके निर्यात में बढ़ोत्तरी होना रहा। फीड ग्रेड की घरेलू मांग कमजोर रही। 

दरअसल मैक्सिको में इस वर्ष अच्छी क्वालिटी एवं बड़े दाने वाले काबुली चना के उत्पादन के प्रति संदेह बना हुआ है जबकि कनाडा एवं अमरीका में भी इसका उत्पादन कमजोर रहने की संभावना है। इसे ध्यान में रखकर आयातक जल्दी-जल्दी खरीद करने इसका स्टॉक बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। दूसरी ओर छोटे दाने वाले काबुली चना एवं देसी चना का कारोबार सुस्त एवं भाव स्थिर देखा जा रहा है। भारतीय उप महाद्वीप में इसकी ज्यादा मांग नहीं है।